रोहतक में हुई सीनियर स्टेट बाक्सिंग स्पर्धा में कैथल की चार बेटियों ने जीते पदक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कम चुकी हैं कमाल
हरियाणा के रोहतक में एक से तीन अक्टूबर तक सीनियर स्टेट बाक्सिंग चैंपियनशिप हुई। इसमें कैथल की चार बेटियों ने पदक जीता है। बाक्सिंग के 81 किलो प्लस भारवर्ग में 21 वर्षीय नेहा यादव ने हासिल किया स्वर्ण पदक।
कैथल, जागरण संवाददाता। कैथल के खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में कैथल का नाम रोशन कर रहे हैं। टोक्यो पैरा ओलिंपिक में खिलाड़ी हरविंदर सिंह ने आर्चरी के रिकर्व इवेंट में देश को पहला कांस्य पदक दिलवाया था। रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में एक से तीन अक्टूबर तक हरियाणा बाक्सिंग संघ की तरफ से सीनियर स्टेट बाक्सिंग स्पर्धा करवाई गई थी। इस स्पर्धा में कैथल से दस महिला खिलाड़ियों ने अलग-अलग भारवर्ग में भाग लिया था। इनमें से चार बेटियों ने पदक हासिल किया है।
81 किलो प्लस भारवर्ग में 21 वर्षीय नेहा यादव ने स्वर्ण पदक, 75 किलो में सपना ने रजत पदक, 70 किलो में सोनम ने कांस्य पदक और 81 किलो में सुमन ने कांस्य पदक हासिल किया है। कोच गुरमीत सिंह, राजेंद्र सिंह, विक्रम ढुल और अमरजीत ने बताया कि स्पर्धा में भाग लेने वाली खिलाड़ी इंडोर खेल स्टेडियम और आरकेएसडी कालेज में चल रहे बाक्सिंग प्रशिक्षण केंद्र में अभ्यास करती हैं। खिलाड़ियों की जीत पर जिला खेल अधिकारी सतविंद्र गिल, खेल विभाग के डिप्टी सुपरिटेंडेंट सुरेंद्र सिंह और आरकेएसडी कालेज प्रबंधन कमेटी के प्रधान साकेत मंगल ने बधाई दी है।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं नेहा यादव
गांव पट्टी अफगान कालू वाली गामड़ी निवासी खिलाड़ी नेहा यादव अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं। नेहा अब तक छह अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुकी हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में दस पदक हासिल कर चुकी हैं। फरवरी 2019 में भूवनेशवर में हुई खेलो यूनिवर्सिटी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया था। नेहा अब 85 प्लस किलो भारवर्ग में खेलती है और कोच गुरमीत सिंह, राजेंद्र सिंह और विक्रम ढुल के पास अभ्यास करती है। नेहा के पिता राजपाल खेती करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। बता दें कि नेहा ने 2014 में बाक्सिंग खेलना शुरू किया था। वह अपना वजन कम करने के लिए मैदान में आई थी। अभ्यास शुरू करने से पहले नेहा का वजन करीब 105 किलो था। गुरमीत ने नेहा को उसका वजन कम करने के लिए आरकेएसडी स्टेडियम में बुलाना शुरू किया था। वजन कम करने के साथ-साथ नेहा को बाक्सिंग सिखाना भी शुरू कर दिया था।