सिविल अस्पताल की पुलिस पोस्ट में चार कर्मचारी तैनात
शुक्रवार से एसआइ और सिपाही पोस्ट में ड्यूटी शुरू कर देंगे। जिले में कही भी घटनाक्रम में जख्मी होने वाले व्यक्ति की एमएलआर कटने के बाद संबंधित थाने पुलिस को सूचना इसी पोस्ट से दी जाएगी।
जागरण संवाददाता, पानीपत : सिविल अस्पताल के मुख्य द्वार पर एक कमरे में पुलिस पोस्ट बना दी गई है। यहां पर एसपी शशांक कुमार सावन ने एसआइ सुरेंद्र, हवलदार सुनील, सिपाही सतीश और प्रवीण की तैनाती कर दी है। शुक्रवार से एसआइ और सिपाही पोस्ट में ड्यूटी शुरू कर देंगे। जिले में कही भी घटनाक्रम में जख्मी होने वाले व्यक्ति की एमएलआर कटने के बाद संबंधित थाने पुलिस को सूचना इसी पोस्ट से दी जाएगी।
बता दें कि सिविल अस्पताल में एमएलआर कटवाने के लिए आने वाले लोग चिकित्सा स्टाफ और डाक्टरों के साथ अभद्रता करते थे। आपस में भी लोग मारपीट कर लेते थे। जब तक बस स्टैंड से पुलिस आती थी, तब तक आरोपित भाग जाते थे। इसे स्टाफ खौफजदा रहता था। अस्पताल परिसर में नशेड़ी और चोरों का मजमा लगा रहता था। यहां से अक्सर बाइक चोरी होती हैं। एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि पोस्ट बनने से अस्पताल की सुरक्षा चाक-चौबंद रहेगी। असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसा जाएगा। मरीज भी बिना भय के इलाज करा पाएंगे।
इधर समालखा नगरपालिका के नियमित सचिव पवित्र गुलिया ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। गत दिसंबर को उनका खरखौदा से समालखा तबादला हुआ था। सोनीपत के निगम चुनाव में ड्यूटी होने से वह ज्वाइन नहीं कर सके थे। नवंबर से पालिका सचिव का पद खाली था। बीच में घरौंडा के सचिव रवि प्रकाश को यहां का अतिरिक्त प्रभार मिला था, लेकिन वह समय नहीं दे पा रहे थे। पार्षद श्याम सुंदर बरेजा, बॉबी जांगड़ा, सुरेश झंडा, बिजेंद्र गौतम, राजेश ठाकुर, जयपाल कुहाड़ व सुनील शर्मा ने उनका गुलदस्ता भेंटकर पालिका कार्यालय में स्वागत किया। नपा में अभी भी एमई, जेई, भवन निरीक्षक का पद खाली है। घरौंडा के जेई को यहां का अतिरिक्त प्रभार मिला है, लेकिन उन्होंने ज्वाइन नहीं किया है। तकनीकी अधिकारियों के नहीं होने से नपा के कामकाज पर व्यापक प्रभाव पड़ रहा है। विकास के बड़े प्रोजेक्ट बंद पड़े हैं।