पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा, विज की राजनीतिक सोच शून्य, जवाब नहीं देना चाहता
पूर्व सीएम और हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हु्ड्डा कुरुक्षेत्र के गीता ज्ञान संस्थानम में गए। उनके मिलने से राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल के भगवा वस्त्र पहनने के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि विज की राजनीतिक सोच शून्य है। मैं ऐसे व्यक्ति की बात का जवाब नहीं देना चाहता। अलबत्ता कहा की प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल मेरे दोस्त हैं।
उन्होंने ये बात बुधवार को कुरुक्षेत्र के गीता ज्ञान संस्थानम में कही। वे यहां करीब एक घंटे तक रुके थे। उन्होंने करीब 30 मिनट तक गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के साथ बंद कमरे में बातचीत की। जिसकी काफी राजनीतिक चर्चाएं बाजार में गर्म हैं। हालांकि उन्होंने इसे सामान्य बताया है। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में शराब, रजिस्ट्री व ओवरलोड समेत कई घोटाले हैं। सरकार का यह कार्यकाल घोटालों वाला साबित होकर रह गया है। कांग्रेस वीरवार को इसके विरोध में पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगी। लॉकडाउन के मामलों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाएं तो कई और घोटाले सामने आ सकते हैं।
पूरे दल के साथ पहुंचे हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा और प्रो. विरेंद्र सिंह सहित पूरी टीम थी। पूरे दल बल के साथ पहुंचने पर गुप्तचर विभाग भी नजर रखे हुए है। इसके अलावा पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, हरमोहिंद्र सिंह, लाडवा विधायक मेवा सिंह भी मौजूद रहे।
पंचायत भवन में घोटालों के विरोध में कांग्रेस पार्टी करेंगी प्रदर्शन : मेवा सिंह
लाडवा विधायक मेवा सिंह ने कहा, प्रदेश में जब से भाजपा सरकार बनी है, तब से आए दिन घोटाले हो रहे है, जैसे शराब घोटाला, रजिस्ट्री घोटाला, किसानों की फसल बीमा घोटाला व अन्य सभी घोटालों के विरोध में कांग्रेस पार्टी वीरवार 13 अगस्त को कुरुक्षेत्र के पंचायत भवन में सुबह 10 बजे विरोध प्रदर्शन करेंगी।
उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार ने कुछ जिलों में महिला कालेज बनाने सौगात दी है। लेकिन बाबैन में महिला कालेज बनाने की मांग को ठंडे बस्ते में डाल दिया। मुख्यमंत्री व पूर्व विधायक ने बाबैन में महिला कालेज बनवाने के बड़े-बड़े दावे किए थे। लेकिन सब दावे झूठे साबित हुए। भाजपा नेता केवल लाडवा हलके की जनता को महिला कालेज के नाम पर गुमराह करने का काम कर रहे है। पंचायत की ओर से कालेज के लिए जमीन देने के बाद भी आज तक कालेज नहीं बन पाया है। जिससे हलके वासियों में रोष पनप रहा है।