भूतों के डर से जहर निगला, पति की मौत, जिंदगी की जंग लड़ रही पत्नी
दो बेटों के माता-पिता ने जहर निगल लिया। अस्पताल में महिला ने बताया कि उन्हें कुछ पता नहीं चलता। पति की अब हो गई मौत। मजदूरी करता है परिवार।
जेएनएन, पानीपत : भूत-प्रेत के डर ने एक परिवार को तबाह कर दिया। पति-पत्नी इतने सहमे रहते कि दोनों ने जहर निगल लिया। पति की मौत हो गई और पत्नी जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। हालत गंभीर है। होश में आने पर महिला ने बताया कि उन्हें तो पता ही नहीं चलता कि वे क्या खा रहे हैं।
जींद के गांव बुढ़ाखेड़ा गांव के निवासी 45 वर्षीय रोहतास और उसकी पत्नी 38 वर्षी सुनील ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। जहर के प्रभाव से दोनों की हालत बिगडऩे लगी। परिजनों ने दोनों की गंभीरावस्था को देखते हुए जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने दंपती को रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। पीजीआइ में महिला के पति ने दम तोड़ दिया और महिला गंभीर है।
2 बेटों के सिर से उठा पिता का साया, 2 दिन बाद थी भतीजी की शादी
बुढ़ा खेड़ा गांव निवासी रोहताश मिट्टी के बर्तन बनाकर अपना और परिवार का पेट पालता था। गांव में ही मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करने के साथ मजदूरी भी करता था। दो दिन बाद रोहताश की भतीजी की शादी थी। शादी आगे टाल दी गई है। रोहताश के परिवार में दो बेटे हैं, जो पढ़ाई करते हैं। रोहताश की मौत के बाद परिवार में कमाने वाला नहीं रहा।
दिल्ली के आत्महत्या मामले से भी जोड़ कर देखा जा रहा
रोहताश की पत्नी सुनील के पुलिस को दिए बयान के बाद गत दिनों दिल्ली में परिवार के 7 लोगों की आत्महत्या के मामले से जोड़ कर देखा जा रहा है। महिला ने बयान दिया कि उन दोनों ने भूत-प्रेत के साये में यह कदम उठाया है। उन्हें क्या खाया पीया कुछ भी ध्यान नही रहता। वो साये के चलते बेहोश हो जाते हैं। पहले भी कई बार उनके साथ ऐसा हो चुका है। दंपति के पास जहरीला पदार्थ कहां से आया, पुलिस जांच कर रही है।