किसानों ने कर दिया जींद के बदोवल टोल का घेराव, फिर टोल फ्री, जानें वजह
जींद में बदोवाल टोल प्लाजा को किसानों ने टोल फ्री करवा दिया है। किसानों की मांग है कि बदोवल टोल के साथ लगते आसपास के 14 किलोमीटर एरिया के लोगों का टोल माफ करवाया जाए। किसानों ने कहा कि मांग पूरी होने तक बदोवाल टोल पर टोल नहीं लिया जाएगा।
जींद, जागरण संवाददाता। जींद के नरवाना में बदोवाल टोल प्लाजा को किसानों ने टोल फ्री करा दिया है। अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य मास्टर बलबीर सिंह के नेतृत्व में सोमवार सुबह किसान बदोवाल टोल पर पहुंचे और मैनेजर से नरवाना सहित आसपास के 14 किलोमीटर एरिया के गांवों को टोल फ्री करने की मांग की। लेकिन टोल मैनेजर ने इसमें असमर्थता जाहिर की। जिसके बाद किसानों ने दोपहर बाद 3.40 बजे टोल को सभी वाहनों के लिए फ्री करा दिया। किसानों ने कहा कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती, तब तक टोल टैक्स नहीं दिया जाएगा।
गौरतलब है कि किसान आंदोलन के चलते करीब एक साल तक बदोवाल टोल फ्री रहा और आंदोलनकारी किसान धरने पर बैठे थे। किसानों ने 14 दिसंबर को टोल को खाली कर दिया था। उसके बाद टोल धरना कमेटी के सदस्यों ने नरवाना और आसपास के 14 किलोमीटर एरिया के गांवों का टोल लिए जाने का विरोध किया था। टोल प्रबंधन से उनका टोल माफ करने की मांग की थी और अल्टीमेटम देते हुए टोल को दोबारा फ्री करने की चेतावनी दी थी। सोमवार सुबह मास्टर बलबीर सिंह के नेतृत्व में आसपास के किसान टोल पर पहुंचे और मैनेजर से इस संबंध में बात की। मैनेजर ने कहा कि ये उनके स्तर का मामला नहीं है, इस बारे में उच्च अधिकारियों से बात करनी पड़ेगी।
किसानों ने बदोवल टोल को किया टोल फ्री
किसानों ने दोपहर बाद 3.40 मिनट तक का समय देते हुए कहा कि अगर इस दौरान उनकी मांग नहीं मानी गई, तो वे टोल को सभी वाहनों के लिए टैक्स फ्री कर देंगे। जब उनकी मांग नहीं मानी गई, तो 3.40 मिनट पर किसानों ने टोल को सभी वाहनों के लिए फ्री कर दिया। मौके पर किसानों से बातचीत के लिए नरवाना शहर प्रभारी धर्मबीर और सदर थाना प्रभारी राजेश पहुंचे। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती, वे वापस नहीं जाएंगे।