आंदोलन से पंजाब लौट रहे किसान के बेटे की सड़क हादसे में मौत, आस्ट्रेलिया से लौटा था
दिल्ली में किसान आंदोलन से नवांशहर लौट रहे गुरप्रीत की सड़क हादसे में मौत हो गई। करीब एक साल पहले ऑस्ट्रेलिया से अपने पिता के साथ खेती में हाथ बंटाने के लिए लौटा था। अंबाला में ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मारी थी।
पानीपत/अंबाला, जेएनएन। दिल्ली में किसान आंदोलन में तीन दिन रुकने के बाद वापस पंजाब के नवांशहर लौट रहे किसान गुरप्रीत सिंह गांव मक्केवाला, नवांशहर पंजाब की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में दो अन्य घायल हुए हैं। करीब एक साल पहले भारत लौटकर अपने पिता के साथ खेती करने लगा था। पड़ाव थाना पुलिस ने मृतक के चाचा रणजीत सिंह निवासी गांव मक्केवाला जब्बा थाना काठगढ़ जिला नवांशहर पंजाब की शिकायत पर आरोपित ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायत में रणजीत सिंह ने बताया कि एक ट्राली में सवार होकर दिल्ली में किसान आंदोलन के लिए 12 दिसंबर को पहुंचे थे। दिल्ली में वे तीन दिनों तक रुके और आंदोलन में भाग लिया। उन्होंने बताया कि खेतों में गेहूं की बिजाई की थी, जिसके चलते वे वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही दिल्ली-अंबाला रोड पर मोहड़ा क्षेत्र में एक ढाबा के पास पहुंचे, तो पीछे से एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर ट्राली सड़क पर पलट गई। हादसे में गुरप्रीत सिंह, निर्मल सिंह, बलबीर सिंह घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए आदेश अस्पताल मोहड़ी लाया गया। यहां पर गुरप्रीत सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि ट्रक चालक ने दो से तीन बार ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मारी है।
बताया जाता है कि गुरप्रीत सिंह ऑस्ट्रेलिया में अपने भाई बहनों के पास रहता था। आस्ट्रेलिया में वह करीब तीन साल तक रहा और वहां पर काम किया। करीब एक साल पहले ही वह भारत लौटा था, ताकि वह अपने पिता के साथ खेती में हाथ बंटा सके। इसी दौरान किसान आंदोलन शुरू हो गया, तो वे भी इस में शामिल होने के लिए दिल्ली गए और वहां से लौट रहे थे।
ये भी पढ़ें: हरियाणा के अंबाला में बड़ा हादसा, कैंटर ने ऑटो को मारी टक्कर, 6 की मौत
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें