सैनी माजरा टोल में फिर धरने पर बैठे किसान, शाम को हटाया सुबह फिर डाला डेरा
कुरुक्षेत्र के सैनी माजरा टोल पर किसानों और पुलिस प्रशासन के बीच तनातनी बनी हुई है। बुधवार को किसानों को और उनके सामान को हटा दिया गया था। वीरवार सुबह फिर से किसान धरने पर बैठ गए हैं।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। हिसार-अंबाला हाईवे स्थित सैनी माजरा टोल पर किसान फिर बैठ गए हैं। किसानों ने धरना स्थल पर दरी डाल ली है। पुलिस के समझाने के बाद भी किसान नहीं मान रहे हैं। उन्होंने मांगों के लागू होने तक धरना जारी रखने की बात कही है।
वीरवार को सुबह ही किसान सैनी माजरा टोल पर पहुंच गए। किसानों ने दरी डालकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसान नेता मंजीत चौधरी, गुरनाम फौजी व सोनू समरा ने कहा कि किसान तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। सरकार उनकी मांगों को अनदेखा कर रही है। दिल्ली में लंबे समय से किसान धरना दे रहे हैं, लेकिन सरकार बैठक में वार्ता रखने तक सीमित है। किसान 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड निकाल रहे थे। कुछ असामाजिक तत्वों ने इसको मोड़ने की दिशा में काम किया। किसान टोल पर अपनी मांगों तक डटे रहेंगे।
टोल पर नहीं शुरू हुआ कलेक्शन
सैनी टोल प्लाजा को किसानों से फ्री कराने के बाद भी टोल पर कलेक्शन शुरू नहीं हुआ। हालांकि पुलिस ने बुधवार को ही टोल को किसानों से फ्री करा लिया था। उम्मीद जताई जा रही थी कि वीरवार सुबह टोल शुरू हो जाएगा, लेकिन अब तक टोल से कलेक्शन शुरू नहीं हो पाया है।
किसानों को बुधवार को हटाया था
पुलिस ने अंबाला-हिसार हाईवे पर सैनी माजरा टोल को बुधवार को किसानों से फ्री करा लिया था। उनका सामान भी जब्त कर लिया था। इससे नाराज किसान अर्धनग्न होकर टाेल के बीचोंबीच बैठ गए थे। विदित है कि पिछले एक महीने से किसान सैनी माजरा टोल पर बैठे हुए है।