सीनियर डिप्टी और डिप्टी मेयर का चुनाव आज
निगम के सीनियर डिप्टी मेयर डिप्टी मेयर का मंगलवार को चुनाव होगा।
जागरण संवाददाता, पानीपत : नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर का मंगलवार को चुनाव होगा। लघु सचिवालय में दोपहर दो बजे चुनाव के लिए बैठक होगी। बैठक में नामों की घोषणा की जाएगी। चुनाव के एक दिन पहले भी कुर्सी किसे मिलेगी, इसको लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा बनी रही। मेयर महिला होने के कारण पहले ही डिप्टी व सीनियर डिप्टी मेयर महिला को न बनाने का फैसला हो चुका है। सीनियर डिप्टी मेयर के लिए सबसे मजबूत दावेदारों में लोकेश नांगरू का नाम आ रहा है। डिप्टी मेयर का पद अशोक कटारिया को मिलने की संभावना है। इस बीच सोमवार शाम को वार्ड तीन के लोग विधायक प्रमोद विज ये मिलने उनके घर पहुंचे। स्व. हरीश शर्मा की बेटी अंजली शर्मा को डिप्टी मेयर का पद देने की मांग की। पार्टी की तय नीति के अनुसार निगम में एक पद एससी को दिया जाना है। तीसरे मजबूत दावेदार संजीव दहिया हैं। संजीव दहिया व लोकेश नांगरू के वार्ड साथ-साथ हैं। संजीव दहिया पानीपत ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा के सबसे अधिक नजदीक हैं। पार्टी में पुराने कार्यकर्ता हैं। किसान नेता होने के कारण उन्हें ताज मिल सकता है। जातिगत समीकरण साधे गए, तब भी उनका नंबर पड़ सकता है।
नए पार्षदों ने छोड़ी उम्मीद
पार्टी से जुड़े नए पार्षदों ने पद की उम्मीद छोड़ दी है। पार्षद शिव कुमार शर्मा का कहना है कि इस बार पार्टी वरिष्ठता को ध्यान में रख रही है। ऐसे में उनका नंबर आना मुश्किल है। नगर निगम में पुराने पार्षद दुष्यंत भट्ट हैं। वे पहले मेयर के दावेदार रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार इन चारों में से होगा नाम तय। अशोक कटारिया, लोकेश नागरू, संजीव दहिया, दुष्यंत भट्ट। अंजली का समर्थन इसलिए किया
वार्ड तीन वासियों ने विज से कहा कि तहसील कैंप में हरीश शर्मा ने भाजपा को मजबूत किया है। अगर भाजपा को अपना वोट बैंक सुरक्षित रखना है, तो हरीश की बेटी को निगम में पद मिलना चाहिए। मॉडल टाउन एरिया को सांसद, विधायक मिल गए। सेक्टर-11 को जिला अध्यक्ष का पद मिल गया। तहसील कैंप को क्या मिला, यह सवाल उठाया गया। विज से मिलने के लिए हरीश शर्मा के भाई सतीश शर्मा के अलावा हरीश काठपाल, राजू तेलवाला, सुरेंद्र सोनी, बोबी चोपड़ा, सोनू सलूजा सहित कई लोग शामिल रहे।