मस्जिद में छिपे थे विदेशी सहित आठ तब्लीगी जमाती, इमाम सहित नौ पर केस, सभी क्वारंटाइन
पानीपत के नवादा पार गांव स्थित मस्जिद में विदेशी सहित आठ लोग छिपे थे। दो श्रीलंका के निवासी हैं। छह तमिलनाडु के जमातियों ने पहचान छिपाने की कोशिश की। सभी पर केस दर्ज कर लिया गया।
पानीपत, जेएनएन। तब्लीगी जमात के दो विदेशी सहित आठ लोग नवादा पार गांव की मस्जिद में छिपे मिले। मस्जिद के इमाम यासीन ने ग्राम सरपंच को भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना मिली तो टीम ने पुलिस की मदद से छापेमारी कर सभी को कवारंटाइन किया। पुलिस ने मस्जिद के इमाम सहित नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं पंचायत ने भी इनकी सूचना होने से इन्कार कर दिया है। सरपंच का कहना है कि उन्हें जमात के लोगों की जानकारी नहीं थी।
निजामुद्दीन दिल्ली से 3 मार्च को तब्लीगी मरकज जमात के कई लोग धर्म प्रचार के लिए संजय चौक के इमामबाड़ा में आए थे। विद्यानंद कॉलोनी में धर्म प्रचार के बाद जमात के आठ लोग नवादा पार गांव पहुंचे। इनमें मोहम्मद फाजिल और मुस्ताक श्रीलंका निवासी हैं, जबकि छह अन्य व्यक्ति तमिलनाडु के हैं। ये नवादा पार गांव की जामा मस्जिद में ठहरे थे, जिसके बारे में किसी को कोई सूचना नहीं थी। लॉकडाउन घोषणा के पहले दिन 23 मार्च को प्रचार किया। अक्सर गांव में ही प्रचार के लिए भी जाते रहे।
गिरफ्तारी करेगी पुलिस
फिलहाल सभी आरोपित पानीपत सामान्य अस्पताल में क्वारंटाइन हैं। फिलहाल इन लोगों की रिपोर्ट नहीं आई है। पुलिस क्वारंटाइन अवधि खत्म होते ही आरोपितों को गिरफ्तार कर सकती है। इधर, दोनों विदेशियों की पहचान छिपाने की कोशिश के आरोप में पुलिस तमिलनाडु के छह आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
मस्जिद के इमाम यासीन ने मुझे कोई सूचना नहीं दी थी। मुझे इन लोगों के मस्जिद में मौजूद होने बारे कोई जानकारी नहीं थी।
इसराइल, ग्राम सरपंच
श्रीलंकाई धर्म प्रचारकों ने कानून की उल्लंघना की है। वहीं तमिलनाडु से आए लोगों ने दोनों विदेशियों की पहचान छिपाने की कोशिश की। इमाम यासीन ने गुपचुप तरीके से आरोपितों को मस्जिद में पनाह दी। इसी आरोप में आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
सुरेंद्र, एसएचओ, थाना सनौली।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें