आठ दिन बाद मिले नहर में डूबे युवक और युवती के शव
कुलदीप का शव सिवाह बाईपास के नजदीक मिला। वहीं एकता कालोनी की 20 वर्षीय पिकी का शव ढिढार गांव के पास नहर से बरामद किया गया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : शहर में अलग-अलग जगहों पर डूबे युवक और युवती के शव आठ दिन बाद नहर में मिले। युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत के वार्ड-4 विसलपुर के 22 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई। कुलदीप का शव सिवाह बाईपास के नजदीक मिला। वहीं एकता कालोनी की 20 वर्षीय पिकी का शव ढिढार गांव के पास नहर से बरामद किया गया। वीरवार को पुलिस ने सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शवों को स्वजनों को सौंप दिया।
बता दें कि गणेश कालोनी में किराये पर रहने वाली गिरिजा शंकर ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका साला उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत वार्ड-4 विसलपुर का कुलदीप उसके पास आया था। वीरवार को कुलदीप छह दोस्तों के साथ घर से घूमने के लिए बिझौल के पास रेलवे ओवरब्रिज के नजदीक नहर पर गया था। यहां नहाते समय पैर फिसलने से कुलदीप पानी में बह गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। उन्होंने मदद के लिए शोर भी मचाया, पर कोई नहीं आया। उधर, वार्ड-21 की एकता कालोनी के सुभाष ने बताया कि उसके दो लड़के और दो लड़की हैं। 10 महीने पहले तीसरे नंबर की 20 वर्षीय बेटी पिकी की शादी विकास नगर के विशाल के साथ हुई थी। दो महीने से बेटी व दामाद उसके पास रहते हैं। वीरवार को दोपहर एक बजे बेटी पिकी नहर पर कपड़े धोने गई थी। जब वह काफी देर तक घर नहीं आई तो उन्होंने उसकी तलाश की। लोगों ने बताया कि पैर फिसलकर पिकी नहर में गिर गई। जब तक उसे बचाने का प्रयास किया जाता, तब तक वह बह चुकी थी। धोने के लिए लाए कपड़े नहर किनारे रखे मिले थे।