कृतिका के घर पहुंचीं शिक्षा विभाग की अधिकारी, बोलीं- शाबाश! पानीपत को तुम पर नाज
पानीपत की टॉपर कृतिका और पीएम मोदी के बीच हुई बातचीत के बाद सर्व शिक्षा अभियान की जिला परियोजना संयोजक कौशल्या आर्य महराणा गांव जाकर कृतिका नांदल को आशीर्वाद दिया।
पानीपत, जेएनएन। शाबाश कृतिका..। तुम जैसी बेटियों पर नाज है। महाराणा गांव में मंगलवार सुबह 9:30 बजे सर्व शिक्षा अभियान की जिला परियोजना संयोजक (डीपीसी) कौशल्या आर्य कृतिका नांदल से मिलने पहुंचीं। मन की बात में पीएम नरेंद्र मोदी से बात करने के लिए हौसला अफजाई की। छात्रा से कहा कि आत्मविश्वास के बल पर ऊंची शिक्षा हासिल कर पानीपत का नाम रोशन करो। मां के गुरुर को हमेशा बनाए रखना।
डीएवी पुलिस लाइन स्कूल पानीपत की छात्रा कृतिका नांदल ने 12 वीं कक्षा में मेडिकल संकाय से 96 फीसद अंक हासिल कर टॉप किया है। रविवार को मन की बात में पीएम मोदी से संवाद कर सुर्खियों में छा गई। इसके बाद से छात्रा के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। डीपीसी कौशल्या आर्य ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम लाइव टेलीकास्ट देख रही थीं। जैसे ही पानीपत की बेटी कृतिका नांदल का नाम आया उन्हें खुशी हुई। शिक्षा जगत में गर्व महसूस हुआ। छात्रा कृतिका को सफलता की बुलंदियां छूने की सीख देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में मां ही पहली गुरु होती है। बारहवीं कक्षा में सभी अच्छे अंकों से पास करते हैं, लेकिन जिस पारिवारिक माहौल में तुमने यह उपलब्धि हासिल की, वो अपने आप में बेमिसाल है। मन की बात में पीएम से संवाद कर पूरे देश में पानीपत का नाम रोशन किया है। शिक्षा की बदौलत हम सब कुछ हासिल कर सकते हैं।
मां सरोज ने डीपीसी को बताया कि कृतिका छठी कक्षा तक सदानंद स्कूल में पढ़ी। स्कूल आने-जाने में व्हीकल की समस्या आने लगी। उसके बाद डीएवी पुलिस लाइन स्कूल में दाखिला करवा दिया। मेरी बेटी नीट की तैयारी कर रही है। आप सब की दुआओं से उसका डाक्टर बनने का सपना जरूर साकार होगा। वह काफी ज्यादा मेहनत करती है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें