कुरुक्षेत्र में नशा तस्कर चढ़ा हत्थे, यमुनानगर से कुरुक्षेत्र लेकर आया हेरोइन
हरियाणा में नशा तस्करी बढ़ती जा रही है। हेरोइन के साथ आरोपित गाड़ी चालक गिरफ्तार किया गया। आरोपित के पास से छह ग्राम 10 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की गई। नशा तस्कर यमुनानगर से कुरुक्षेत्र में हेरोइन लेकर आया था।
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। पुलिस ने नशा तस्करों पर नकेल कसने के लिए अभियान को तेज कर दिया है। जिला भर में आए दिन तस्कारों को पकड़ कर सलाखों के पीछे भेजा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सदर पुलिस ने सोमवार की देर सायं एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से पुलिस ने छह ग्राम 10 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आज आरोपित को अदालत में पेश करेगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि थाना सदर के सहायक उपनिरीक्षक कर्मबीर सिंह सोमवार की सायं अपराध की तलाश में अपनी टीम के साथ जीटी रोड स्थित पिपली चौक मौजूद थे। पुलिस को सूचना मिली की थानेसर की राजेंद्रा कालोनी निवासी दीपांकर सेठी छोटा हाथी का चालक है। वह अपने छोटे हाथी से सामान लेकर इधर-उधर जाता रहता है।
इसी की आड़ में नशे की सप्लाई करता है। वह आज भी जिला यमुनानगर के रादौर से नशीला पदार्थ लेकर कुरुक्षेत्र पहुंचेगा। पुलिस ने सूचना मिलते ही लाडवा रोड पर अनाज मंडी के सामने नाकाबंदी शुरू कर दी। मामले की सूचना पुलिस उप अधीक्षक रामदत्त को दी गई। इसके थोड़ी देर बाद पुलिस ने लाडवा की ओर से आ रही गाड़ी के चालक को रुकवाया। चालक ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम राजेंद्रा कालोनी निवासी दीपांकर सेठी बताया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से छह ग्राम 10 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने थाना सदर थानेसर में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ में जुटी है। दोपहर बाद आरोपित को अदालत में पेश किया जाएगा।
नशा तस्करों के खिलाफ तेज किया जाएगा अभियान
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। इसके लिए सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। धर्मनगरी में नशे से जुड़े किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगी। नशा तस्करी से जुड़े सभी आरोपितों की जगह जेल की सलाखों के पीछे हैं उन्हें वहीं भेजा जाएगा।