पड़ोसी राज्यों से बढ़ रही नशे और हथियार की तस्करी, पानीपत बन रहा नया ठिकाना
पानीपत में नशे और हथियारों की तस्करी लगातार बढ़ रही है। पुलिस इन मामलों में 106 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश मध्य प्रदेश राजस्थान से लगातार तस्करी बढ़ रही है। अब ये मामले पुलिस के लिए सिरदर्द बनते जा रहे हैं।
पानीपत, जागरण संवाददाता। नशीला पदार्थों और हथियारों की तस्करी करने वालों ने पानीपत को ठिकाना बना लिया है। तस्कर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित कई जगहों से नशीले पदार्थ और हथियार लाते हैं। इसके बाद पानीपत व आसपास क्षेत्र में सप्लाई कर देते हैं। तस्कर युवाओं को लुभाते हैं। युवाओं को नशे की लत लग जाती है। इसके बाद वे तस्करों के जाल में फंस जाते हैं। ऐसा ही हथियार तस्कर कर रहे हैं। युवाओं को हथियार रखने का शौक है। इसी का तस्कर फायदा उठाते हैं। पुलिस अवैध हथियारों के तस्करों और खरीदने वाले 106 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बावजूद तस्कर पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए हैं।
नशे की गिरफ्त में फंसकर करते हैं अपराध
युवा नशे की गिरफ्त में फंस जाते हैं। नशे के लिए रुपये न होने पर चोरी और लूट की वारदात कर देते हैं। पुलिस ने ऐसे ही कई आरोपितों को पकड़ा है। डाबर कालोनी के विक्रांत उर्फ बोबी ने विक्रम और दीपक के साथ गिरोह बनाकर घरों में चोरी कर ली। तीनों आरोपित नशे के आदी हैं। इसी तरह से बतरा कालोनी के सोनू ने अपने दोस्त शैंकी के साथ मिलकर चोरी की 20 वारदात कर दी। दोनों बदमाश नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात करते थे।
ये पकड़े गए अवैध हथियारों के सौदागर
अवैध हथियारों के तस्कर पानीपत, सोनीपत, जींद, करनाल, झज्जर और रोहतक अवैध पिस्तौल के तस्करी करते हैं। अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्कर गिरोह के बदमाश बलजीत नगर के महफूज उर्फ फौजी और अन्य चार तस्करों से पुलिस न ने 35 देसी पिस्तौल और 45 मैगजीन बरामद की गई। हथियारों को पानीपत व आसपास के जिलों में 18 लाख रुपये में बेचा जाना था। उधर, पुलिस ने राजस्थान के जिला भरतपुर के नंगला गांव का पुखराज 12 पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। राजू पहले भी पानीपत, बागपत, शामली और सोनीपत सहित कई जिलों में 40 अवैध पिस्तौल बेच चुका था।