महाभारत के द्रोणाचार्य सुरेंद्र ने लगाई इंसाफ की गुहार, हरियाणा के गृहमंत्री से न्याय का इंतजार
महाभारत के सुरेंद्र पाल हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज से मिलने पहुंचे। सुरेंद्र पाल रोहतक रेंज में बहादुरगढ़ के मूल निवासी हैं। पुलिस ने केस दर्ज किया है। महाभारत में द्रोणाचार्य का किरदार निभाने वाले को 200 फीसद न्याय मिलने की उम्मीद।
अंबाला, जेएनएन। फिल्म नगरी मुंबई में अलग पहचान बना चुके सुरेंद्र पाल के साथी के खिलाफ रोहतक रेंज के बहादुरगढ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। सुरेंद्र पाल प्रसिद्ध धारावाहिक महाभारत में द्रोणाचार्य का किरदार बखूबी निभाया है। न्याय की उम्मीद लेकर अपने साथी के साथ बुधवार को राज्य के गृहमंत्री अनिल विज के शाास्त्री कालोनी स्थित आवास पर पहुंचे थे।
फरियादियों की तरह उन्होंने दरबार में उपस्थित होकर बहादुरगढ़ पुलिस पर अपने साथी की प्रताड़ना का आरोप लगाया। फरियाद सुनने के बाद विज ने रोहतक रेंज के पुलिस आलाधिकारी को मामले में पुर्नविवेचना करने का आदेश देते हुए प्रताड़ित करने वाले मुलाजिमों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया।
फिल्म नगरी मुंबई से महाभारत के द्रोणाचार्य अंबाला में हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज के दरबार में पहुंचे और उनसे इंसाफ की गुहार लगाई। पुलिस प्रताड़ना से तंग आ कर वह अपने दोस्त के लिए न्याय की गुहार लगाने पहुंचे थे। सुरेंद्र पाल को विश्वास है कि विज के दरबार मे उन्हें 200 प्रतिशत, त्वरित इंसाफ मिलेगा। विज ने भी मौके पर ही कार्रवाई की और पुलिस को मामले की दोबारा जांच करने के आदेश दिए।
अनिल विज की तारीफ भी की
सुरेंद्र पाल ने बताया कि जगबीर दहिया प्रोड्यूसर और डायरेक्टर हैं। बहादुरगढ़ में उन पर झूठा केस दर्ज किया गया है। उन पर मनगढ़ंत केस दर्ज किया गया है। सुरेंद्र पाल ने कहा कि अनिल विज से इंसाफ की उम्मीद है। विज हर किसी की सुनते हैं। सुरेंद्र पाल ने विज की तारीफ भी की। उन्होंने कहा, राजनीति में अनिल विज जैसे नेता ज्यादा से ज्यादा हों। अनिल विज कोरोना से संक्रमित होने के बाद अभी पूरी तरह से स्वस्थ भी नहीं हैं। बावजूद वो हर किसी की समस्या का निदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं मुंबई से गृहमंत्री अनिल विज का हालचाल पूछने आया था।
मेरे यहां खुला दरबार
वहीं, अनिल विज ने कहा कि ये खुला दरबार है। यहां पर कोई भी आ सकता है। अब सुरेंद्र पाल ने शिकायत बताया है। किसी भी तरह से नाइंसाफी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने पुलिस को दोबारा जांच करने के आदेश दिए।