अंबाला में रफ्तार का कहर, साइकिल को टक्कर मारते हुए गड्ढे में गिरी फॉरच्यूनर, चालक की मौत
अंबाला में गांव लाेहगढ़ के पास घास मंडी के मोड़ पर हादसा हुआ। लोगों ने शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला और उसे अस्पताल पहुंचाया। मृतक गांव सरसेढ़ी का रहने वाला है। कार यमुनानगर की बताई जा रही है।
अंबाला, जेएनएन। रफ्तार से दौड़ती रही फॉरच्यूनर कार साढ़े तीन फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा गांव लोहगढ़ के पास घास मंडी के मोड़ पर हुआ है। राहगीरों ने फॉरच्यूनर कार की लेफ्ट साइड के शीशे तोड़ घायल चालक को बाहर निकाला। चोट लगने से खून से लथपथ घायल अवस्था में उसे ट्रामा सेंटर में पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक चालक पवन छावनी के गांव सरसेढ़ी का रहने वाला है। जबकि कार यमुनानगर की है। पता चला है प्रत्थक्षदर्शियों के मुताबिक फॉरच्यूनर की स्पीड ज्यादा थी। ऐसे में कार के आगे जा रहे साइकिल सवार को पहले टक्कर मारी, उसके बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी थी। बलदेव नगर थाना पुलिस ने राहगीर हरिनगर निवासी शुभम की शिकायत पर केस दर्ज कर तफ्तीश आरंभ कर दी है।
राहगीर भाई के ससुराल जा रहे थे होली खेलने
राहगीर शुभम ने बताया कि वह कपड़ा मार्केट में संजय ब्रदर्स के पास नौकरी करता है। होली वाले दिन वह अपने दोस्त आकाश, प्रवीण, अंगद व अभय कुमार के साथ बाइकों पर अपने भाई के ससुराल गांव लोहगढ जा रहे थे। जब पुरानी घास मंडी मोड के पास पहुंचे तो देखा साढ़े तीन फीट गहरे गड्ढे में फॉरच्यूनर कार पलट कर गिरी हुई थी। घायल चालक कार के अंदर फंसा हुआ था। वे सभी घायल चालक को निकालने के लिए गाड़ी के पास पहुंचे और शीशा तोड़ बाहर निकाला। उसके बाद ऑटो के माध्यम से घायल चालक को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुभम की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें