उगते सूर्य को अर्घ्य दे खोला व्रत
घाटों पर रविवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन हो गया। कथा सुनने के बाद गंगाजल लेकर की दो-चार बूंद लेकर व्रत खोला।
जागरण संवाददाता, पानीपत : घाटों पर रविवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन हो गया। कथा सुनने के बाद गंगाजल लेकर की दो-चार बूंद लेकर व्रत खोला। स्मॉग के चलते सुबह 6:48 बजे सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। रजवाहे में पानी में खड़े होकर हजारों लोगों ने दूध, फल, फूल और पान से अर्घ्य दिया। छठी मैया से परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।
असंध रोड नहर, एनएफएल रजवाहे, ड्रेन नंबर एक, कुटानी गांव, काबड़ी रोड और रिफाइनरी टाउनशिप के स्वीमिग पुल में तड़के तीन बजे से ही व्रती परिवार के साथ रोशनी से जगमगाते छठ घाट पर पहुंचे। रास्ते में छठ गीतों की मधुर ध्वनि से शहर में भक्ति का माहौल दिखाई दिया। रजवाहों पर दोनों तरफ रोशनी से जगमगाते घाट पर व्रतियों ने अर्घ्य का सामान सजाया। व्रती सुहागिनों ने घाट पर मौजूद महिलाओं की मांग में सिदूर भरा। छठ पर्व करने वाले हल्की ठंड में पानी में खड़े होकर सूर्य की लालिमा निकलने का इंतजार करने लगें। बच्चों ने घाट पर खूब फूलझड़ियां और पटाखे छोड़े। सबेरा होने पर स्मॉग दिखाई दिया। सूर्यदेव आसमन में दिखाई नहीं दिए। सूर्योदय के निर्धारित समय से पहले ही कुछ परिवारों ने अर्घ्य अर्पित कर दिया। सबसे पहला अर्घ्य दूध से दिया गया। अर्घ्य देने के बाद महिलाओं ने सामूहिक रूप से कथा सुनीं। छठ मैया के गीतों पर झूमे श्रद्धालु
पूर्वांचल कल्याण समिति की तरफ से एनएफएल रजवाहे पर पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दिल्ली से आए कलाकारों ने छठ मैया का गुणगान किया। पूर्वांचल के हजारों लोगों ने पंडाल में झूमने लगे। पंडाल से प्रधान पीएन सिंह और महासचिव सुमन झा ने घाट पर छठ मनाने आए परिवारों को इस पर्व की बधाई दी। शनिवार को शाम विधायक प्रमोद विज, डॉ. अर्चना गुप्ता और मीनाक्षी गुप्ता बतौर अतिथि इस भक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए। नए घाट पर मनेगा अगला छठ
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि पूर्वांचल वासियों ने मेहनत के बलबूते पानीपत में अपनी पहचान बनाई है। वर्ष 2020 के छठ पर्व से पहले नया घाट बन कर तैयार हो जाएगा। नए घाट पर अगले साल से धूमधाम से छठ मनाएंगे। पूर्वांचल भवन के निर्माण के लिए सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखने की बात कही। ट्रैफिक पुलिस रही चौकस
असंध रोड नहर और गोहाना रोड पर यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभाल रखी थी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों सहित गोताखोर भी मौके पर मौजूद रहे। ट्रैफिक की समस्या न हो इसके लिए कुछ रूटों को डायवर्ट किया गया। रविवार को स्कूल बंद होने से जाम में राहत रही। रामराज्य संस्था के प्रधान रमेश चौधरी ने बताया कि सफाई व्यवस्था में नगर निगम का पूरा सहयोग रहा। विधायक पहुंचे अर्घ्य देने
जनहित प्रवासी वेलफेयर मंच की बाबरपुर ड्रेन नंबर दो पर छठ मनाया गया। ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा छठ मनाने पहुंचे। फल और पकवान से सजे डाला में जल अर्पित कर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश के सैकड़ों परिवारों ने धूमधाम से छठ मनाया। रिफाइनरी में सजाया स्वीमिग पूल
अखंड बिहार सांस्कृतिक मंच की तरफ से आयोजित रिफाइनरी टाउनशिप में एकता का माहौल दिखा। पूजा करने वाले परिवारों के यहां अलग अलग प्रांतों से आए उनके रिश्तेदार और मित्र स्वीमिग पुल पर मौजूद रहे। दीये की रोशनी से स्वीमिग पुल जगमगा उठा। अर्घ्य देने के बाद स्टाल लगा कर प्रसाद बांटा गया। मालूम हो कि यहां सामूहिक प्रसाद बनाने की एक अलग परंपरा है। कुटानी में खेत में दिया अर्घ्य
कुटानी गांव में किसान हरविंदर के स्वीमिग पूल के अतिरिक्त पास में उनके खेत में जल प्रवाह के लिए बनाए गए नाले में भी सैकड़ों परिवारों ने अर्घ्य दिया। पंडित विरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि छठी मैया मनोकामना पूरी करती हैं।