नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी में देवीलाल कॉलेज द्वितीय
चौधरी देवीलाल मेमोरियल कन्या पीजी कॉलेज सिवाह की खिलाड़ियों ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी खो-खो टूर्नामेंट में दूसरा स्थान पाकर कॉलेज का नाम रोशन किया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : चौधरी देवीलाल मेमोरियल कन्या पीजी कॉलेज सिवाह की खिलाड़ियों ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी खो-खो टूर्नामेंट में दूसरा स्थान पाकर कॉलेज का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम में कॉलेज की छह खिलाड़ियों ने प्रतिनिधित्व किया था।
कॉलेज प्रधान पूर्व स्पीकर सतबीर सिंह कादियान ने विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कॉलेज में खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधा दी जाएंगी। खेलों में अच्छा भविष्य है। सरकार खुद इस पर गंभीर है। महासचिव लाभ सिंह कादियान और शिक्षा स्मारक समिति के महासचिव जयप्रकाश कादियान ने कहा कि लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से कम नहीं हैं। खेल के मैदान पर दूसरे देशों में बेटियां लगातार पदक जीत रही हैं। प्रिसिपल केएस ढिल्लो ने सहायक प्रो. सरोज और खिलाड़ियों को इसका श्रेय दिया।