किसानों के आंदोलन पर चढ़ा राजनीतिक रंग, जींद में अरविंद केजरीवाल करेंगे किसान महापंचायत
चार अप्रैल को जींद में किसान महापंचायत होगी। पंजाब के आप नेता भगवंत मान वरिष्ठ नेता गोपाल राय के अलावा हरियाणा से जुड़े दिल्ली के कई वरिष्ठ नेता भी संबोधित करेंगे। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह की अगुआई वाले छोटू राम विचार मंच भी समर्थन देगा।
जींद, जेएनएन। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चार अप्रैल को जींद के हुडा मैदान में किसान महापंचायत में केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे। महापंचायत को पंजाब के आप नेता भगवंत मान, वरिष्ठ नेता गोपाल राय के अलावा हरियाणा से जुड़े दिल्ली के कई वरिष्ठ नेता भी संबोधित करेंगे। आप ने किसान संगठनों को भी इस महापंचायत का न्योता दिया है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश सहप्रभारी व राज्यसभा सदस्य डा. सुशील गुप्ता मंगलवार को महापंचायत को लेकर जींद में पत्रकारों से रूबरू हुए। इसके बाद उन्होंने खटकड़ व बद्दोवाल टोल प्लाजा पर धरने पर बैठे किसानों से मुलाकात कर उन्हें भी किसान महापंचायत में पहुंचने का न्योता दिया।
50 हजार से ज्यादा किसान पहुंचने का दावा
गुप्ता ने दावा किया कि केजरीवाल को सुनने के लिए 50 हजार से ज्यादा लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए काले कृषि कानूनों को लेकर किसान चार महीनों से अधिक समय से टिकरी, सिंघु, गाजीपुर तथा अन्य बॉर्डरों पर धरनों पर बैठे हुए हैं। लेकिन सरकार अपने हठ पर अड़ी हुई है। अब चार अप्रैल को अरविंद केजरीवाल की किसान महापंचायत हरियाणा की राजनीति को नया मोड़ देगी। गुप्ता ने कहा कि आप पार्टी संसद से सड़क तक किसानों की आवाज उठा रही है। भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेता आज जनता से मुंह छिपाते फिर रहे हैं।
बीरेंद्र की अगुवाई वाला छोटूराम विचार मंच देगा समर्थन
आम आदमी पार्टी के नेता सुशील गुप्ता ने जिमखाना क्लब में भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह की अगुआई वाले छोटू राम विचार मंच के पदाधिकारियों से भी बैठक की। मंच के नेताओं ने केजरीवाल की किसान महापंचायत में सहयोग देने की बात कही। किसान यूनियन के नेता रणधीर रेढू ने भी महापंचायत को समर्थन देने की बात कही।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें