Haryana Crime: जगाधरी में गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला 20 वर्षीय युवक का शव, पिता विदेश में रहते
यमुनानगर के जगाधरी में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। 20 वर्षीय युवक का पिता विदेश में रहते हैं। युवक भी विदेश जाना चाहता था। रात में टहलने के लिए घर से निकला था। वहीं गांव में इस घटना के बाद से दहशत है।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। जगाधरी के गांव खारवन 20 वर्षीय महकदीप सिंह का शव शुक्रवार सुबह पेड़ पर फंदे से लटका मिला। लोगों ने उसका शव देखा तो गांव के लोग वहां एकत्रित हो गए। महकदीप सिंह की हत्या हुई है या फिर उसने आत्महत्या की है। इसका पता अभी नहीं लग पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सुबह करीब नौ बजे गांव के कुछ लोग अपने काम पर जा रहे थे तो उन्होंने गांव के बाहर दादूपुर-नलवी नहर किनारे खड़े पेड़ पर एक युवक का शव फंदे पर लटका देखा। मृतक की पहचान महकदीप सिंह के तौर पर हुई। सूचना मिलते ही मृतक की मां हरविंद्र कौर व बहन भी वहां पहुंच गई। देखते ही देखते गांव के काफी लोग वहां पर पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महकदीप सिंह वीरवार रात आठ बजे घर से निकला था। परंतु वह देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की परंतु उसके बारे में कुछ पता नहीं चला। परंतु सुबह उसका शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। मृतक का पिता रणजीत सिंह विदेश में रहते हैं। महकदीप सिंह ने इन दिनों एमएलएन कालेज यमुनानगर में पढ़ता था। वह विदेश जाने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह हत्या है या आत्महत्या अभी इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का खुलासा होगा। वहीं परिजन जो बयान देंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।