रिश्वत देने पर भी क्रशर नहीं चला तो मौत को गले लगाया
गांव पिल्लूखेड़ा निवासी राजेंद्र ने यमुना नगर के भगवानपुरा गांव में क्रशर लगाया हुआ है। डीडीपीओ गगनदीप को 2 लाख रुपये व दो मोबाइल देने का अारोप। तब भी नहीं चला क्रशर।
जेएनएन, पानीपत - रिश्वत देने पर भी क्रशर नहीं चला तो आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान संचालक ने खुद को ही खत्म कर लिया। वह तीन दिन पहले ही यमुनानगर से जींद पिल्लूखेड़ा घर पर आया था। सुबह ही जहरीला पदार्थ निगल लिया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है।
सुसाइड नोट में मृतक ने यमुनानगर के डीडीपीओ गगनदीप द्वारा 2 लाख रुपये और दो मोबाइल लेने के बावजूद भी उसके क्रशर को नहीं चलने देने का आरोप लगाया है। इसके अलावा उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज करवाने व उसकी समस्या का समाधान करने की बजाय बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर यमुनानगर के डीडीपीओ के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
बेटे ने लगाए आरोप
मृतक के बेटे रवि ने पुलिस को बताया कि यमुनानगर का डीडीपीओ गगनदीप उनके क्रेशर को नहीं चलने दे रहा था। क्रेशर नहीं चलने के कारण उन्हें काफी नुकसान हो रहा था और आर्थिक रूप से दिक्कतें होने लगी थीं। इसी समस्या उसके पिता लगातार तनाव में रहते थे। उन्होंने इन परिस्थितियों और डीडीपीओ से परेशान होकर इतना बड़ा कदम उठाया है। डीडीपीओ ने ही मेरे पिता को आत्महत्या के लिए मजबूर किया। पुलिस ने रवि के बयान पर यमुनानगर के डीडीपीओ गगनदीप के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
तीन दिन से गायब युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
तीन दिन से घर से लापता युवक ने पानीपत रेलवे लाइन पर सिटी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। रेलवे पुलिस के अनुसार गांव अफजलपुर जिला बदायू, उप्र निवासी 35 वर्षीय रामनिवास काफी समय से समालखा में रहता था। तीन दिन पहले रामनिवास समालखा से गायब हो गया। मंगलवार को रामनिवास ने सिटी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से मिले कागजातों के आधार पर उसकी पहचान संभव हो पाई। घटना की सूचना पाकर मृतक के परिजन नागरिक अस्पताल पहुंच गए।
पंचायत में हुआ था समझौता
मृतक के भाई नवल सिंह ने बताया कि उसके भाई रामनिवास के साथ गांव का ही रूम सिंह रहता है। पहले भी रूम सिंह की हरकतों से परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या की कोशिश की थी। पंचायती तौर पर समझौता हो गया था। अब फिर रूम सिंह ने उसके भाई को परेशान किया। जिसके चलते उसका भाई 3 दिन पहले कमरा छोड़कर चला गया। नवल ने आरोप लगाया कि रूम सिंस से खफा होकर उसके भाई ने आत्महत्या की है। राजकीय रेलवे थाना पुलिस ने रूम सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।