Guru Nanak Dev 2021: गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारों में सुबह से जुटी भीड़, कैथल में श्रद्धालु नवां रहे शीश
Guru Nanak Dev 2021 गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारो में श्रद्धाालुओं की भीड़ पहुंच रही है। नीम साहिब गुरुद्वारा में आयोजित किया जा रहा है महान गुरमति कीर्तन समागम। गुरुद्वारा नीम साहिब व श्री मंजी साहिब ऐतिहासिक है।
कैथल, जागरण संवाददाता। कैथल में गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारों में सुबह से भीड़ जुटना शुरू हो गई है। गुरुद्वारों में पहुंचकर श्रद्धालु शीश नवां रहे हैं। जिले में गुरुद्वारा नीम साहिब व श्री मंजी साहिब ऐतिहासिक गुरुद्वारा है। यहां पर स्वयं गुरु तेग बहादुर जी ने श्रद्धालुओं को प्रवचन के दौरान संदेश दिया था। जिसके चलते इन गुरुद्वारों में गुरुपर्व पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। गुरु नानक देव की जयंती नीम साहिब गुरुद्वारा में महान गुरमति कीर्तन समागम आयोजित किया जा रहा है। यह समागम सुबह नौ बजे से शुरू हो गया था। इस कार्यक्रम में श्री दरबार साहिब, अमृतसर से रागी जत्थे गुरु का गुणगान करने के लिए पहुंचे हैं। कीर्तन समागम में मुख्य ग्रंथी दरबार साहिब अमृतसर के सचखंड साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी बलविंद्र सिंह हैं। ज्ञानी बलविंद्र सिंह व अन्य रागी जत्थों द्वारा गुरु की महिमा का गुणगान किया जा रहा है।
गुुरुद्वाराें में किया जा रहा भव्य आयोजन
गुरु नानक देव की जंयती पर शुक्रवार को गुुरुद्वाराें में भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर सुबह के समय अरदास की गई तो सुबह के समय भी लंगर शुरू कर दिए गए हैं। गुरुद्वारा परिसर के बाहर मेले लगे हैं। यहां पर खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।
वहीं, कार्तिक पूर्णिमा के उपलक्ष्य में सीवन के सौथा रोड स्थित रणमोचन तीर्थ पर कार्यक्रम आयोजित किया गया जा रहा है। इस कार्यक्रम में तीर्थ पर सुबह के समय हवन किया गया है। जबकि दोपहर के समय में विशाल भंडारा लगाया जाएगा।