पानीपत नगर निगम में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की लगा रहे गुहार, जून में एक हजार से ज्यादा पेंडिंग
लाकडाउन में मिली छूट के बाद अब जन्म-मृत्यु सर्टिफिकेट लेने के लिए लग रही भीड़। भयंकर गर्मी में घंटों लाइनों में लगकर हो रहे काम। जून महीने में ही एक हजार से ज्यादा प्रमाण पत्र जारी किए जाने हैं।
पानीपत, जेएनएन। लाकडाउन में हल्की छूट मिलने के बाद अब नगर निगम में जन्म-मृत्यु सर्टिफिकेट लेने के लिए भीड़ लगनी शुरू हो गई है। लोगों ने मई माह तक 3200 से ज्यादा आनलाइन ही आवेदन किए थे। अब आफलाइन भी लोग फाइलें लेकर नगर निगम पहुंच रहे है।
इससे नगर निगम के लिए भी सर्टिफिकेट जारी करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। लोगों को भी देरी से काम होने पर काफी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। लाइनों में लगने और गर्मी से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दलाल भी कार्यालय में घूमते रहते हैं। उन पर लगाम नहीं लगाई गई है। अधिकारी लोगों की समस्या का समाधान नहीं करा पा रहे हैं।
लाकडाउन में पब्लिक डिलिंग बंद होने के कारण जन्म-मृत्यु के कामकाज बंद पड़े थे। अब जैसे ही लाकडाउन में हल्की छूट मिली है, जब से जन्म-मृत्यु के सर्टिफिकेट लेने वाले लोगों भीड़ लग रही है। इस दौरान ज्यादातर लोग बाहर से भी आ रहे है। जिनकी कोरोना महामारी में मृत्यु हो गई थी। साथ ही अप्रैल व मई माह में जन्मे बच्चों के जन्म सर्टिफिकेट लेने के लिए भी लोग आ रहे है। नगर निगम के अधिकारियों ने भी काम सुचारू रूप से चलाने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई हुई है। जिससे किसी भी प्रकार का कोई कामकाज प्रभावित न हो सके।
एक हजार से ज्यादा जन्म-मृत्यु के सर्टिफिकेट पेंडिंग
जून माह में एक हजार से ज्यादा जन्म-मृत्यु के सर्टिफिकेट पेंडिंग पड़े है। इसमें सबसे ज्यादा आनलाइन आवेदन वाले है। जिनमें त्रुटियों की जांच की जा रही है। सोमवार तक सभी सर्टिफिकेट जारी कर दिए जाएंगे।