आखिर ये हो क्या रहा है, पानीपत में एक और शव मिला
पानीपत के भोड़वाल माजरी में गली में शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक के बाद एक हत्याएं हो रही हैं। हत्या का ये सिलसिला थम ही नहीं रहा। वारदात बढ़ती जा रही हैं। आखिर पानीपत को हो क्या है।
पानीपत, जेएनएन। एक के बाद एक हत्याएं हो रही हैं। हवाई फायर हो रहे हैं। महिला पर तेजाब फेंका जा रहा है। वीरवार को एक महिला पर गोलियां दागी गई तो भोड़वाल माजरी में एक शव मिल गया। गली में सनसनी फैल गई। सूचना थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उठवा पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। मृतक के पास से किसी तरह का दस्तावेज आदि न मिलने पर शिनाख्त नहीं हो सकी। जो मानसिक रोगी बताया जा रहा है। उम्र करीब 40 साल है।
वीरवार को सुबह के समय ग्रामीण घुमने के लिए खेतों की तरफ जा रहे थे। तभी स्कूल के पास गली में उन्हें एक व्यक्ति पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखा तो उक्त व्यक्ति मृत अवस्था में था। सरपंच को अवगत कराने के बाद सूचना थाना पुलिस को दी गई। तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन न तो उसके पास किसी तरह का कोई दस्तावेज या अन्य चीज मिली और न ही ग्रामीण शिनाख्त कर पाए।
चोट का निशान दिख रहा है
ऐसे में पुलिस ने शव को पानीपत अस्पताल भिजवा दिया। मृतक के पैर पर चोट का निशान दिख रहा है। थाना प्रभारी अंकित कुमार का कहना है कि भोड़वाल माजरी में शव मिला है। मृतक मंदबुद्धि लग रहा है। जो पिछले कई दिनों से गांव में घूम रहा था। मौत का कारण क्या रहा। ये पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
पत्नी ने भतीजे प्रेमी के साथ मिल की हत्या
दो दिन पहले जावा कालोनी में पत्नी ने अपने प्रेमी भतीजे के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। पति को पहले बीयर पिलाई थी। उसमें भी नशीली गोलियां मिला दी थी। फिर प्रेमी के साथ मिलकर गला घोंट दिया। फोन से हत्याकांड का राज खुल गया।
पत्नी ने पति की हत्या कर दफनाया
विकास नगर में तो पत्नी ने पति की न केवल हत्या की, बल्कि उसका शव अपने ही घर में हौद में दफना दिया। यह काम भी उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ही किया। ये तो मकान का निर्माण दोबारा हो रहा था, खोदाई हुई तो कंकाल मिल गया। उससे हत्या का राज खुल गया। नहीं तो लोग पति को लापता ही मान रहे थे।
महिला पर तेजाब फेंका
देसराज कालोनी में दो बदमाशों ने एक महिला पर तेजाब फेंक दिया। आरोप है कि युवक महिला के साथ छेड़खानी कर रहे थे। उसने विरोध किया तो उस पर तेजाब फेंककर चले गए। उसकी हालत अब तक गंभीर है।