यमुनानगर में कोविशील्ड वैक्सीन का स्टॉक खत्म, आठ हजार डोज की डिमांड
हरियाणा के यमुनानगर में कोरोना महामारी को देखते हुए लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं। वीरवार को यमुनानगर में कोविशील्ड वैक्सीन का स्टाक खत्म हो गया। यमुनानगर में वैक्सीनेशन के लिए आए लोगों को लौटना पड़ गया।
यमुनानगर, जेएनएन। कोरोना महामारी के बीच वीरवार को जिले में कोविशील्ड वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया। दोपहर 12 बजे तक केंद्रों पर वैक्सीन खत्म हो गई। जिस वजह से टीका लगवाने वालों को वापस लौटना पड़ा। रोजाना पांच बजे तक केंद्रों पर बैठने वाला स्टाफ भी वैक्सीन खत्म होने के बाद चला गया। जिस वजह से कुर्सियां खाली पड़ी रही। हालांकि टीकाकरण कराने को लेकर लोगों में उत्साह है, लेकिन वैक्सीन न होने की वजह से उन्हें लौटना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, फ्लाइट लेट होने की वजह से वैक्सीन चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर देरी से पहुंची। जिस वजह से स्टॉक नहीं आ सका।
वीरवार को जिले में 31 केंद्रों पर वैक्सीनेशन हुआ। सुबह से ही लोग वैक्सीन कराने के लिए पहुंच रहे थे। किसी को पहली डोज, तो किसी को दूसरी डोज लग रही थी। दोपहर 12 बजे तक अधिकतर केंद्रों पर स्टॉक खत्म हो गया। रादौर व छछरौली में दूसरी डोज वालों के लिए स्टॉक बचा रहा। केवल उन्हें ही वैक्सीन लगी। मुंडामाजरा निवासी नवनीत ने बताया कि वह दो बार सिविल अस्पताल में आ चुके हैं। बुधवार को आए थे, तो अगले दिन बुलाया गया। वीरवार को आए, तो यहां वैक्सीन न होने की बात कही गई। अब वापस लौट गए हैं। चोपड़ा गार्डन निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि वीरवार को वैक्सीन लगवाने गए थे, लेकिन यहां पर वैक्सीन नहीं थी। निजी अस्पताल में गया, तो वहां पर भी डोज नहीं लगी। निजी अस्पताल में केवल दूसरी डोज लग रही थी। कर्मियों ने बताया कि शेड्यूल बनाया हुआ है। इसके तहत ही डोज लगाई जा रही है।
10 लोगों के एकत्र होने का इंतजार
वैक्सीन की बर्बादी रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियम भी बनाया गया है। इसके तहत जब तक दस लोग एकत्र न हो। वैक्सीन की शीशी नहीं खोली जाएगी, क्योंकि शीशी खुलने के चार घंटे बाद डोज खराब हो जाती है। इसलिए कुछ केंद्रों पर दस लोगों के एकत्र होने का इंतजार किया जाता है। ऐसे में कई बार टीकाकरण के लिए आने वाले लोग इंतजार नहीं करते और वापस लौट जाते हैं।
फ्लाइट लेट होने से खत्म हुआ स्टॉक
वैक्सीन की डिमांड पहले ही स्वास्थ्य विभाग भेज देता है। इस बार फ्लाइट लेट हो गई। जिस वजह से स्टॉक आने में देरी हुई। दरअसल, चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर वैक्सीन का स्टॉक उतरता है। फिर वहां से गाडिय़ों में कोविड के स्टोर में भेजा जाता है। यमुनानगर जिले में कुरुक्षेत्र के स्टोर से वैक्सीन आती है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. विजय विवेक ने बताया कि कुछ जगहों पर वैक्सीन का स्टॉक खत्म हुआ है। आठ हजार डोज हमारे पास आनी है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से पहले कुरुक्षेत्र में वैक्सीन पहुंचेंगे। वहां से हमारे पास आएगी। शाम तक वैक्सीन की डोज मिल जाएगी। शुक्रवार को सभी केंद्रों पर वैक्सीन लगेगी।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
यह भी पढ़ें: बेटी पूरे कर रहे टैक्सी चालक पिता के ख्वाब, भाई ने दिया साथ तो कामयाबी को बढ़े हाथ
यह भी पढ़ें: पानीपत में बढ़ रहा कोरोना, बच्चों को इस तरह बचाएं, जानिये क्या है शिशु रोग विशेषज्ञ की सलाह
यह भी पढ़ें: चोट से बदली पानीपत के पहलवान की जिंदगी, खेलने का तरीका बदल बना नेशनल चैंपियन