कारोबारी के संपर्क में आए पांच लोगों सहित कुल 10 कोरोना पॉजिटिव, एक की मौत
अंबाला में साड़ी कारोबारी के संपर्क में आए पांच और लोग कोरोना संक्रमित मिले। वहीं एक महिला पुलिसकर्मी भी पॉजिटिव आई। जबकि एक की मौत हो गई।
पानीपत/अंबाला, जेएनएन। साड़ी कारोबारी की चेन टूटने का नाम नहीं ले रही है। क्योंकि साड़ी कारोबारी के संपर्क में आये पांच लोग और पॉजिटिव आ गए हैं। एक महिला पुलिस कर्मी भी कोरोना की चपेट में आ गई है। इस कारण शनिवार को आंकड़ा दस तक पहुंच गया है। वहीं मुलाना मेडिकल कालेज में भर्ती एक कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत हो गई।
बता दें कि 10 पॉजिटिव केस और आने के बाद कुल मरीजों की संख्या 358 हो गई है। जबकि चार मरीजों की अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। अब कुल एक्टिव 40 मरीज हैं। अब तक 3 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अंबाला शहर के कलाल माजरी की 31 वर्षीय युवती, बलदेव नगर की 31 वर्षीय युवती, हरी मंदिर की 36 वर्षीय महिला, कैथ माजरी का 35 वर्षीय व्यक्ति और गीता नगर की 16 वर्षीय किशोरी शनिवार को पॉजिटिव मिली। ये सभी मरीज पहले से आए एक ही पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए थे। शहर के पुलिस लाइन की रहने वाली 31 वर्षीय महिला जो पुलिस में कार्यरत है वह भी संक्रमित पाई गई। शहर के रविदास माजरी की रहने वाली 44 वर्षीय महिला में भी कोरोना के लक्षण मिले हैं।
दूसरी ओर मिशन अस्पताल की जीएनएम की 19 वर्षीय छात्र भी पॉजिटिव आई है। वह पिछले दिनों दिल्ली से आई थी। जबकि रेलवे कालोनी छावनी में रहने वाला 29 वर्षीय युवक भी संक्रमित पाया गया है। इसकी ट्रेवल हिस्ट्री नोएडा की है। दूसरी ओर, नारायणगढ़ का 38 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव आया है, जिसकी कश्मीर की ट्रेवल हिस्ट्री है।
बंदी के साथ गई थी बैंक्वेट हाल
पॉजिटिव पाई गई महिला पुलिस कर्मी पिछले दिनों एक महिला बंदी के साथ बराड़ा स्थित बैंक्वेट हाल गई थी। वहां से आने के बाद नमूना लिया गया था।
सांस की बीमारी से ग्रसित थी महिला
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मुलाना मेडिकल कॉलेज में अंबाला छावनी के दंपती कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद भर्ती थे। पत्नी को सांस की बीमारी और उसे ऑक्सीजन लगाया गया था। शनिवार को सांस न ले पाने के कारण उसे अटैक आया और रात करीब नौ बजे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, महिला के पति कैंटोनमेंट बोर्ड में अधिकारी हैं और दंपती एक जुलाई को पॉजिटिव पाए गए थे।
17 हजार से अधिक लिए सैंपल
जिले में 329 सैंपल लिए गए, जिसके बाद कुल सैंपलों की संख्या 17 हजार से ऊपर हो गई है। प्रति दस लाख जनसंख्या पर 13884 सैंपल लिण् गए हैं। रिकवरी रेट 87.99 फीसदी हो गई है और मृत्यु दर 0.94 फीसदी है।
19 में मिले लक्षण
स्वास्थ्य विभाग की टीम को आइएलआइ के लक्षण वाले 19 मरीज मिले। जिनमें सैंपल लिए गए। जिले में 109 कंटेंमेंट जोन में टीमों ने 19416 लोगों को स्क्रीन किया और 13 लोगों के सैंपल लिए गए।