अंबाला में हनी ट्रैप: युवक को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाया, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल
2016 में युवती नाबालिग थी। उस समय पीड़ित के बेटे सहित पांच पर पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज करवाया था। उसके बाद उसकी शादी हो गई। पति के साथ मिलकर समझौते के लिए 12 लाख लिए। अब दोबारा से 10 लाख और मांग रही थी।
अंबाला, जेएनएन। पोक्सो एक्ट केस में समझौता करने के लिए दस लाख रुपये की डिमांड रख ब्लैकमेल करने वाले पति-पत्नी को सीआइए वन व महिला थाना पुलिस ने एक लाख रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपितों को कोर्ट के पीछे से काबू किया गया। रकम को लेने के लिए दोनोें पति-पत्नी स्कूटी पर लेने के लिए आए थे। टीमों ने यह कार्रवाई पीड़ित व्यक्ति गुरजेंद्र सिंह की शिकायत पर की। पुलिस दाेनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद शहर थाना पुलिस में लेकर आई। यहां आरोपितों के बयान दर्ज करने के बाद सीआइए वन टीम पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
पुलिस के मुताबिक 2016 में आरोपित महिला नाबालिग थी। उस दौरान उसने पीड़ित गुरजेंद्र सिंह के बेटे सहित अन्य पांच पर पोक्सो एक्ट का केस दर्ज करवाया था। उस दाैरान नाबालिग रही महिला के कोर्ट में 164 के बयान दर्ज करने के बाद चार आरोपितों की गिरफ्तारी भी हुई थी। मगर मामला कोर्ट में चला गया। जब महिला बालिग हुई तो उसकी शादी अंबाला शहर के युवक के साथ हो गई। इसके बाद महिला ने अपने इस केस के बारे में पति को बताया फिर दोनों ने मिलकर आरोपितों को ब्लैकमेल करने की सोची।
12 लाख लिए, दोबारा लालच आया तो फंसे
इसके बाद आरोपित पति-पत्नी ने मिलकर उनसे संपर्क किया। कहा कि वे कोर्ट में बयान बदल कर समझौता कर लेगी, लेकिन इसके बदले 12 लाख रुपये देने होंगे। मामले में फंसे युवकों ने अपनी जान छुड़ाने के लिए आरोपितों को 12 लाख रुपये की रकम दे दी। रकम लेने के बाद दोनों पति-पत्नी के मन में दोबारा से लालच आ गया और फिर से पीड़ित युवकों को दस लाख की डिमांड कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़ित एक लाख रुपये देने की बात पर अड़े रहे। आरोपितों से परेशान होने के बाद पीड़ित ने एसएसपी अंबाला से संपर्क कर पूरी बात बताई। इसके बाद एसएसपी ने सीआइए वन व महिला थाना पुलिस की दो टीमों को तैयार किया।
नोटों पर महिला अधिकारी ने किए थे हस्ताक्षर
टीम तैयार होने के बाद महिला थाने की एसएचओ देवेंद्र कौर ने बताया कि आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पीड़ित द्वारा दिये गए एक लाख रुपये पर अपने हस्ताक्षर कर उसे पकड़ा दिए। इसके बाद आरोपितों की बताई जगह पर पीड़ित एक लाख रुपये लेकर पहुंचा। जब दोनों आरोपित एक लाख रुपये पकड़ रहे थे तभी पुलिस ने दोनों पति-पत्नी को दबोच लिया। इसके बाद टीम दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर सिटी थाना लेकर आ गये। पता चला है गिरफ्तार आरोपित महिला का छावनी महेश नगर में भी कोई केस दर्ज है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें