राहत की खबर, जल्द ठीक हो रहे हैं कोरोना संक्रमित, अब पटरी पर लौटने लगींं स्वास्थ्य सेवाएं
राहत भरी खबर है। कोरोना संक्रमित जल्द रिकवर भी हो रहे हैं। एक सप्ताह से बंद ओटी हुई शुरू। मरीजों को मिली राहत। हालांकि यमुनानगर में एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गई। 155 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। यमुनानगर में 155 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। राहत की बात यह है कि 147 मरीज ठीक भी हुए हैं। जिसका असर जिले के रिकवरी रेट पर पड़ा है। सोमवार को रिकवरी दर 95.37 प्रतिशत रही। पाजिटिविटी दर 4.66 प्रतिशत पर है। वहीं विश्वकर्मा मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय युवक की मौत हुई है। युवक सड़क हादसे में घायल हो गया था। उसका चंडीगढ़ पीजीआइ सेक्टर 32 में इलाज चल रहा था। वहीं पर उसे जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। सोमवार को उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना गाइडलाइन के तहत शव का संस्कार कराया।
एक सप्ताह बाद ओटी हुई शुरू
कोरोना संक्रमण की चपेट में आपरेशन थियेटर(ओटी) का स्टाफ भी आ गया था। यहां पर चार कर्मचारी कोरोना संक्रमित हुए थे। जिस वजह से ओटी को बंद करना पड़ा था। स्टाफ की व्यवस्था न होने से एक सप्ताह तक ओटी बंद रही। सोमवार से ओटी शुरू हुई है। अब स्टाफ का होम आइसोलेशन का समय पूरा हो गया है। ओटी बंद होने से सर्जरी कराने वाले मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। अब इसके शुरू होने से मरीजों को राहत मिली है।
सिविल सर्जन डा. विजय दहिया ने बताया कि फिलहाल जिले में 790 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 697 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। 93 मरीज अस्पतालों में दाखिल हैं। अभी तक जिले में 26 हजार 189 मरीज संक्रमित मिले हैं। इनमें से 24 हजार 979 मरीज ठीक हुए हैं। अभी तक पांच लाख 61 हजार 538 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से पांच लाख 30 हजार 188 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अभी 1705 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित है।