कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस मरीजों की फिफ्टी, चार और नए केस पॉजिटिव आए
24 की सैंपल रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद हुई अस्पताल से छुट्टी 26 अभी एक्टिव केस। एक शहर से तीन गांवों में मिले कोरोना के चार नए मरीज।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। कुरुक्षेत्र में चार नए केस सामने आए। इसके साथ ही जिले में कोरोना के 50 मामले हो गए। चार में से दो मुंबई और दिल्ली से आए हैं। तीन पॉजिटिव मरीजों को स्वास्थ्य विभाग ने मुलाना अस्पताल में दाखिल कराने के साथ ही उनके संपर्क में आने वाले 31 लोगों के सैंपल लिए हैं। वहीं एक व्यक्ति का सैंपल नेगेटिव आने पर मुलाना अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब तक कुरुक्षेत्र में 24 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं और 26 केस एक्टिव हैं। कुरुक्षेत्र में अब तक कोरोना वायरस की जांच के लिए 6665 सैंपल लिए जा चुके हैं इन सैंपल में से 6417 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है और 198 सैंपल की रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
पहले महिला का पति आया था कोरोना पॉजिटिव
गांव उमरी में एक 32 वर्षीय महिला की कोरोना सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला के पति का सैंपल पहले पॉजिटिव आ चुका है। उमरी से ही तीन कोरोना मरीज मिल चुके हैं। इसके अलावा गांव ठसका मीरांजी से 58 वर्षीय व्यक्ति का सैंपल भी पॉजिटिव आया है, इस व्यक्ति की हिस्ट्री अंबाला के निजी अस्पताल से जोड़कर देखी जा रही है, इसकी चैन में 17 सैंपल लिए हैं। गांव बारना की 37 वर्षीय महिला का सैंपल पॉजिटिव आया है। यह महिला मुंबई से गांव बारना में किसी कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। इसकी चैन में 14 सैंपल लिए हैं और मोहननगर साधु मंडी में 42 वर्षीय व्यक्ति का सैंपल पॉजिटिव आया है। यह व्यक्ति दिल्ली से यहां आया था। दूसरी तरफ लाडवा के गांव गोङ्क्षबदगढ़ के 46 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर मुलाना मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
62 को किया गया है क्वारंटाइन : डा. सुखबीर
जिला सिविल सर्जन डा. सुखबीर ने कहा कि जिले में दिसंबर माह से लेकर अब तक कुल 2411 लोग आए हैं, इनमें से 2349 लोग स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार 28 दिन का समय चक्र पूरा कर चुके हैं और 27 व्यक्तियों को होम क्वांरटाइन किया गया है। इसके अतिरिक्त 35 को होटल में क्वांरटाइन किया गया है। उन्होंने बताया कि 22 लोगों को मुलाना मेडिकल कालेज, 1 व्यक्ति को मेदांता गुरुग्राम व 2 लोगों को चंडीगढ़ पीजीआई में दाखिल कराया गया है।
श्रीहंस योग आश्रम सहित पांच जगह बनाया कंटेनमेंट जोन
श्री हंस योग आश्रम सहित पांच जगहों पर कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। श्रीहंस योग आश्रम और रेलवे कॉलोनी मकान नंबर 139 एच में एक-एक पॉजिटिव केस मिलने पर श्री हंस योग आश्रम व रेलवे कॉलोनी मकान नंबर 139 एच को भी सील कर दिया गया है। वहीं एकता कालोनी में मकान नंबर 546/23 गर्ग निवास, गांव समसपुर में बाबू राम के घर से मक्खन सिंह के घर तक, गांव उमरी में ढींगड़ा राइस मिल क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। एकता विहार कॉलोनी में नप ईओ ईश्वर वर्मा, समसपुर में बीडीपीओ थानेसर ईश्वर चंद व ढींगड़ा राइस मिल उमरी के लिए बीडीपीओ पिपली साहब सिंह को ओवरऑल इंचार्ज बनाया है।