हरियाणा में डबल स्पीड से फैल रहा कोरोना, बचाव के लिए करना होगा बस ये काम
हरियाणा में कोरोना डबल स्पीड से फैल रहा है। कोरोना की तीसरी लहर में दोगुनी तेजी से मामले सामने आ रहे हैं। इस बार तीसरी लहर में नए वैरिएंट ओमिक्रोन का भी खतरा बना हुआ है। अभी तक यमुनानगर में सात मरीज ओमिक्रोन के मिल चुके हैं।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। कोरोना की तीसरी लहर बेहद रफ्तार से फैल रही है। गत वर्ष की बात करे, तो जनवरी माह में 327 मरीज मिले थे। जबकि इस वर्ष में अब तक 868 मरीज कोरोना के मिल चुके हैं। सैंपलिंग भी गत वर्ष से काफी अधिक हो रही है। ऐसे में यह रफ्तार आगे भी बढ़ने की संभावना है। इस बार तीसरी लहर में नए वैरिएंट ओमिक्रोन का भी खतरा बना हुआ है। अभी तक जिले में सात मरीज ओमिक्रोन के मिल चुके हैं। हालांकि अब इन मरीजों की छुट्टी हो चुकी है।
गत वर्ष कोरोना जहां अप्रैल व मई में पीक पर आया था। इस बार तीसरी लहर ने पहले ही दस्तक दे दी है। जनवरी माह में कोरोना की तीसरी लहर गति पकड़ चुकी है। हालांकि इस बार मरीज पहले के मुकाबले जल्दी ठीक हो रहे हैं। कोविड वैक्सीनेशन भी लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा रही है। यही वजह है कि सरकार ने इस बार मरीज के आइसोलेशन का समय भी सात दिन का कर दिया है। जबकि पहले दस दिन का कम से आइसोलेशन का समय था। सात दिन मरीज को सेल्फ आइसोलेशन में रहना होता था।
जनवरी 2022 में इस तरह से बढ़ा कोरोना
दिनांक - कोरोना संक्रमित - सैंपलिंग
एक जनवरी - 5 - 1187
दो जनवरी - 8 - 659
तीन जनवरी - 19 - 2030
चार जनवरी - 10 - 2446
पांच जनवरी - 24 -1019
छह जनवरी - 44- 1024
सात जनवरी - 65-1027
आठ जनवरी- 48 -1018
नौ जनवरी - 60 -247
दस जनवरी - 91 -2441
11 जनवरी - 87 -772
12 जनवरी - 112- 2423
13 जनवरी - 127 - 2021
14 जनवरी - 168 - 464
सैंपलिंग भी बढ़ाई गई
इस बार स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग भी बढ़ा दी है। एक जनवरी से अब तक 18778 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 868 मरीज संक्रमित मिले हैं। वहीं जनवरी 2021 में 22541 सैंपल लिए गए थे। जिसमें 327 मरीज कोरोना संक्रमित मिले थे। हालांकि अधिकतर मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। उनकी स्वास्थ्य विभाग की टीम निगरानी रख रही है। रोजाना फोन के माध्यम से उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली जा रही है।