नहीं थम रहा बलराज कुंडू और मनीष ग्रोवर का विवाद, पूर्व मंत्री बोले-हर जांच के लिए तैयार Panipat News
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर और बलराज कुंडू के बीच चला आ रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। वे पानीपत में भाजपा मंडल अध्यक्षों के चुनाव के लिए आए थे।
पानीपत, जेएनएन। पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि विधायक बलराज कुंडू के आरोपों की हर जांच के लिए वे तैयार हैं। उनका इस प्रकरण से कोई लेना देना नहीं है। दोनों के विधानसभा क्षेत्र रोहतक और महम भी अलग अलग हैं। विगत पांच साल कुंडू से अच्छी दोस्ती रही। वे उनके पास आते जाते रहे हैं। मैंने उन पर कभी कोई आरोप नहीं लगाया है। कुंडू का अपने विधानसभा क्षेत्र के पार्टनर के साथ विवाद है। कुंडू आरोप क्यों लगा रहे हैं यह वही बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि विधायक कर्ण दलाल ने भी विगत पांच सालों तक उनके ऊपर आरोप लगाते रहे, लेकिन कुछ नहीं निकला। पूर्व मंत्री ने यह बात पत्रकारों के सवाल जवाब के दौरान कही। वे अनाज मंडी के किसान भवन में भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष के चुनाव कराने पहुंचे थे।
कांग्रेस का जनाधार कम
उन्होंने कहा कि भाजपा का वोट बैंक लगातार बढ़ रहा है। 2009 में प्रदेश में वोट प्रतिशत 9 था, जो 2014 में 33 और 2019 में 36 हो गया है। पार्टी के देश में 11 करोड़ सदस्य हैं। यह विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। कांग्रेस का जनाधार भाजपा से कम है।
मंडल अध्यक्ष के लिए रायसुमारी जानने आए
पूर्व मंत्री ने कहा कि पार्टी ने हलके के समालखा शहरी सहित समालखा ग्रामीण, बापौली और सनौली मंडल अध्यक्ष चुनाव के लिए बूथ प्रधान, सक्रिय कार्यकर्ता और पदाधिकारियों से बात कर राय जुटाने की ड्यूटी लगाई है। समालखा ग्रामीण से आठ लोगों ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की है। सभी की राय लेकर दो-तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट पार्टी को भेज दी जाएगी। उसके बाद अध्यक्ष पद के नामों की घोषणा पार्टी करेगी। उन्होंने कहा कि पहले सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि सर्वसम्मति नहीं बनी तो वोङ्क्षटग भी करवाई जाएगी। अध्यक्ष का कार्यकाल तीन साल का होता है।
इस अवसर पर ये रहे मौजूद
सुरेंद्र अहलावत, जगदीश राणा, तरूण गांधी, शशिकांत कौशिक, कृष्ण छौक्कर, विनोद छौक्कर, मदन छौक्कर, राजेंद्र शर्मा हल्दाना, सतपाल कौशिक, राजेश झट्टीपुर, राजकुमार कालीरमण, जसमेर सिंह, मंजीत डिकाडला, कुलदीप जांगड़ा, अंजू त्यागी, महेंद्र कहराणा, जितेंद्र भापरा, मुकेश चौहान, धर्मपाल, अनिल त्यागी, अनिल कौशिक, जगबीर डिकाडला, सरपंच मदन शर्मा आदि मौजूद रहे।