एनएफएल के साथ छठ पूजा के लिए घाट का निर्माण शुरू
पानीपत में गोहाना रोड पर एनएफएल के साथ घाट बनाने का निर्माण कार्य सिचाई विभाग ने शुरू करवा दिया है।
जागरण संवाददाता, पानीपत :
छठ पूजा के लिए अब श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। पानीपत में गोहाना रोड पर एनएफएल के साथ घाट बनाने का निर्माण कार्य सिचाई विभाग ने शुरू करवा दिया है। पिछले काफी समय से घाट बनाने की मांग चल रही थी। 39 लाख रुपये की लागत बनने वाले इस घाट को पूर्व विधायक रोहिता रेवड़ी ने स्वीकृति दी थी।
कई वर्षों से गोहाना रोड एनएफएल के साथ व असंध रोड नहर पर पूर्वांचल के श्रद्धालु छठ पूजा करते आ रहे हैं। छठ पर्व के दौरान ही यहां साफ सफाई की व्यवस्था होती है। कच्चा घाट होने के कारण श्रद्धालुओं की परेशानी झेलनी पड़ रही थी। पिछले वर्ष छठ पूजा कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक से पूर्वांचल कल्याण संघ ने घाट बनाने की मांग की थी। जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया था। चुनाव के चलते यह निर्माण कार्य नहीं हुआ था।
सिचांई विभाग के जेई रजत ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। फिलहाल यहां पानी भरा हुआ है। पानी को डायवर्ट किया गया है। अगले सप्ताह से निर्माण कार्य तेजी से होगा। डेढ माह के अंदर इसे तैयार कर लिया जाएगा। घाट पर सभी सुविधाएं पूजा अर्चना करने वालों को उपलब्ध होंगी। छठ पर हजारों श्रद्धालु हर वर्ष पूजा करते हैं। तीन दिन तक यहां छठ पूजा चलती है। पक्का घाट होने से यहां साफ पानी मिलने की व्यवस्था हो जाएगी।