यमुनानगर से बड़ी खबर, साढ़ौरा से कांग्रेस विधायक रेणू बाला और उनके पति कोरोना संक्रमित
साढ़ौरा से कांग्रेस विधायक रेणू बाला और उनके पति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। साथ ही संपर्क में आए लोगों से कोरोनावायरस टेस्ट कराने और क्वारंटाइन रहने की सलाह दी।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। साढौरा से कांग्रेस विधायक रेणू बाला व उनके पति इंजीनियर ऋषिपाल कोरोना पॉजिटिव हो गए। रिपोर्ट आने के बाद दोनों ने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। साथ ही उन्होंने अपने संपर्क में आने वाले लोगों से भी टेस्ट कराने की अपील की। विधायक ने अपने कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना फेसबुक से भी समर्थकों को दी।
दोनों कई दिन से अंबाला नगर निगम चुनाव में प्रचार कर रहे थे। जहां पर वह कार्यकर्ताओं के संपर्क में आए थे। चुनाव खत्म होने के बाद घर लौटे तो दोनों को बुखार हो गया। शनिवार दोपहर दोनों को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं रविवार को जिला में कोरोना संक्रमितों के 10 नए केस सामने आए। जिला में कोविड-19 का रिकवरी रेट 95.71 फीसद हो गया है। जिला यमुनानगर का डबलिग रेट 155 दिन है। अब तक जिले में कुल 6599 मरीज कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं जिनमें से 80 यमुनानगर के बाहर अन्य स्थानों के हैं। रविवार को 20 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं। अब तक जिले में 6316 लोग ठीक हो चुके हैं।
75 मरीज होम आइसोलेट
डीसी मुकुल कुमार ने बताया कि जो 10 नए मरीज मिले हैं वह सेक्टर-17 जगाधरी, बिलासपुर, कान्हड़ी कलां से, मांडखेड़ी, पांडो, हाफिजपुर, तिहानो, विष्णु गार्डन जगाधरी, महलांवाली गांव से हैं। 75 मरीजों को घर पर ही होम आइसोलेट किया गया है। सिविल सर्जन डा. विजय दहिया ने बताया कि अब जिला में कोरोना के 142 सक्रिय मरीज हैं। जिनमें से 21 एक्टिव केस दूसरे जिले व राज्यों के अस्पतालों में दाखिल हैं। रविवार शाम तक कोविड-19 टीम ने जिला में 296 लोगों के सैंपल लिए। अभी तक कुल 175905 सैंपल लिए गए हैं। जिनमें से 167716 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 1590 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
रादौर से 42 सैंपल लिए
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को डा. लाल बहादुर के नेतृत्व में पालेवाला गांव में 42 लोगों के सैंपल लिए। सिविल अस्पताल के एसएमओ डा. विजय परमार ने बताया कि रादौर उपमंडल में अब तक 424 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें से 407 लोग ठीक हो चुके हैं। केवल सात लोग अभी संक्रमित है। जिनमें से को घर पर इलाज के लिए आइसोलेट किया गया है। एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।