सीसीटीवी कैमरे नहीं लगने पर भड़के कमिश्नर, लगाई फटकार
महिला कर्मी पर वीरवार को दो हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप लगने का मामला सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया। शुक्रवार को कमिश्नर ने पालिका बाजार स्थित निगम में आकर अधिकारियों व कर्मचारियों बैठक ली। इस दौरान व्यवस्था जांची तो काफी सारी खामियां मिली।
जागरण संवाददाता, पानीपत : महिला कर्मी पर वीरवार को दो हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप लगने का मामला सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया। शुक्रवार को कमिश्नर ने पालिका बाजार स्थित निगम में आकर अधिकारियों व कर्मचारियों बैठक ली। इस दौरान व्यवस्था जांची तो काफी सारी खामियां मिली। इससे कमिश्नर आरके सिंह नाराज हो गए। इसके बाद बैठक में अधिकारियों व कर्मचारियों पर जमकर फटकार लगाई।
कमिश्नर ने अधिकारियों व कर्मचारियों को कहा कि सीसीटीवी कैमरे दस दिन पहले लग जाने चाहिए थे। अभी तक क्यों नहीं लग सके। इस पर कोई कर्मचारी व अधिकारी कुछ न बोल सके।
बता दें कि पिछले कुछ समय से नगर निगम पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लगते जा रहे है। इससे काफी समय से सीसीटीवी कैमरों की डिमांड की जा रही थी, जिससे पारदर्शिता से काम हो सके। लेकिन अब सीसीटीवी कैमरे लगने में देरी हो गई। महिला की ड्यूटी बदली
जब कमिश्नर आरके सिंह अधिकारियों व कर्मचारियों की बंद कमरे में बैठक ले रहे थे तो कर्मचारियों को साफ कहा कि अगर कोई व्यक्ति गलत राह पर चल रहा है तो सुधर जाओ, नहीं तो नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा। अब कर्मचारियों की मूवमेंट पर भी कमिश्नर की नजर रहेगी। कर्मचारी अब बिना इजाजत केबिन नहीं छोड़ सकेंगे। कहां जाना है और कितनी देर तक बाहर होंगे सभी जानकारी देनी होगी। इसके साथ ही महिला कर्मचारी पर रिश्वत लेने के आरोप लगने के बाद अब महिला के खिलाफ कमिश्नर ने जांच बैठा दी है और ड्यूटी बदल दी गई। अब लगाए एसी
नगर निगम में हर रोज काफी संख्या में लोग काम करवाने के लिए नगर निगम में आते है। कई बार गर्मी ज्यादा होने के कारण लोग ठीक से खड़े भी नहीं हो पाते हैं। लेकिन अब नगर निगम द्वारा जहां प्रापर्टी आइडी बनती है, वहां कार्यालय में एसी लगाया गया है। नगर निगम ने कार्यालय में चार एसी लगवाए हैं।