कुरुक्षेत्र में सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर से 26 लाख की क्वाइल और तेल चोरी, निगम को पता तक नहीं चला
कुरुक्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर से चोरी के आरोप में दो शिफ्ट अटेंडेंट सहित तीन आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं। इन्होंने 4300 किलो तांबे की तार व 10 हजार लीटर ट्रांसफार्मर तेल चोरी किया। इस ट्रांसफॉर्मर को बोली पर बेच भी दिया। खरीदार ट्रांसफार्मर लेने आया तो इसका पता चला।
कुरुक्षेत्र, जेएनएन। एचवीपीएनएल (हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड) के गांव थाना स्थित सब स्टेशन में 132 केवी ट्रांसफार्मर से 26 लाख की क्वाइल और तेल चोरी कर लिया गया। बिजली निगम अधिकारियों को इसका पता तक नहीं चला और इसको बोली पर बेच भी दिया। खरीदार बोली पर लेने के बाद ट्रांसफार्मर लेने आया तो इसका पता चला। बिजली निगम ने आनन फानन में कमेटी से जांच कराई तो शक सही साबित हुआ। थाना पिहोवा सदर पुलिस ने इसमें एसडीओ की शिकायत पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने अब तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें दो आरोपित सब स्टेशन पर डीसी रेट पर शिफ्ट अटेंडेंट हैं। अदालत ने एक आरोपित को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दोनों शिफ्ट अटेंडेंट को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मामला 26 फरवरी का है। गांव थाना स्थित एचवीपीएनएल सब स्टेशन के एसडीओ सुनील कुमार ने थाना पिहोवा सदर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया गांव थाना स्थित बिजली निगम के सब स्टेशन में 132 केवी के खराब ट्रांसफार्मर को रखा गया था। निगम ने इसको बोली पर बेच दिया था। खरीदार ट्रांसफार्मर को उठाने गया तो ट्रांसफार्मर में न तांबे की तारें थी और न ही तेल था।
4300 किलो तार व करीब 10 हजार लीटर तेल चोरी
इसके बाद एक कमेटी गठित करके ट्रांसफार्मर से तार व तेल की चोरी के आकलन किया। जिसमें ट्रांसफार्मर से 4300 किलो तांबे की तार व करीब 10 हजार लीटर ट्रांसफार्मर तेल नहीं मिला। निगम के अनुसार तारों की कीमत 22 लाख और तेल की कीमत करीब चार लाख रुपये है। पिहोवा सदर थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच गांव गुमथला गढु पुलिस चौकी के एएसआइ जयभगवान को सौंपी।
गुप्त सूचना पर तीन धरे
एसआइ रिछपाल सिंह, मुख्य सिपाही दिलबाग सिंह व एसपीओ रोहताश की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपित कैथल के चीका निवासी मंगल सिंह फुलगढ़ से काबू किया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने यह चोरी अपने अन्य साथी नीमवाला निवासी कर्मपाल व कैथल के ढांड निवासी मिट्ठू लाल की मदद से की थी। पुलिस ने आरोपित कर्मपाल व मिट्ठू लाल को गिरफ्तार किया। आरोपितों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपित मंगल सिंह को पांच दिन के पुलिस रिमांड भेज दिया है, जबकि आरोपित कर्मपाल व मिट्ठू लाल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।