जान पहचान की और मर्चेंट नेवी में नौकरी और दुबई का वीजा का दिया झांसा, ठग लिए पांच लाख
करनाल में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मर्चेंट नेवी में नौकरी व दुबई का वीजा लगवाने की आड़ में पांच लाख की धोखाधड़ी कर ली गई। पीडि़त राइस सेलर में मैकेनिक ने आरोपित के खिलाफ शिकायत दी है।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। करनाल में विदेश भेजने और नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी के लगातार मामले सामने आ रहे हैं। एक और ऐसा ही मामला सामने आया है कि जिसमें आरोपित ने विदेश भेजने और मर्चेंट नेवी में नौकरी का झांसा देकर पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
एक युवक को मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलवाने व दुबई का वीजा लगवाने की आड़ में पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। गांव खरक वासी सलिंद्र कुमार ने एसपी गंगाराम पूनिया को शिकायत दी है।
आरोप लगाते हुए उन्होंने बताया कि वह राइस सेलर में मैकेनिक के तौर पर कार्य करता है। उसकी पहचान उतराखड में एक निजी कंपनी चला रही शारदा श्री गर्ग से वर्ष 2019 में हुई। वे देहरादून से करनाल आते समय उसके घर भी आई और उसके बेटे अभिषेक को मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाने व दुबई का वीजा लगवाने का भरोसा दिया, जिसके लिए पांच लाख रुपये की मांग की।
उन्होंने बताया कि उनकी पहचान दिल्ली में निजी कंपनी चला रहे अमित कुमार से है और उनके मार्फत ही वे उसे दुबई भेज देंगे। इसके बाद उन्होंने आरोपितों को अलग-अलग समय पर उक्त राशि दी उसके बेटे को इसी वर्ष अक्तूबर से नवंबर के बीच कुछ दिनों के दुबई के लिए वीजा भी दिया और उसे दिल्ली बुला लिया। वह करीब एक माह दिल्ली में एक होटल में दुबई जाने की इंतजार करता रहा, लेकिन आरोपितों ने उसे दुबई नहीं भेजा और जब जांच कराई तो उसे दिए गए कागजात भी फर्जी पाए गए।
सलिंद्र कुमार ने आरोप लगाए कि उसके बेटे को आरोपितों ने राशि लेने के बावजूद न मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाया और न ही दुबई भेजा और अब आरोपित राशि वापस मांगे जाने पर उसे जान से मारने की धमकी देने लगे है। एसपी के आदेशानुसार इंद्री थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।