अमेरिका के ग्रीन कार्ड के लिए जन्म तारीख ही बदल डाली, पत्नी ने पकड़ा धोखा
अमेरिका में रहने वाली युवती से शादी के लिए फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराया। पुलिस ने पति, सास व ससुर के खिलाफ किया मामला दर्ज।
जेएनएन, पानीपत - पुलिस ने फर्जी तरीके से नाबालिग का जन्म प्रमाणपत्र तैयार करवाकर अमेरिका में रह रही युवती के साथ शादी करवाने के मामले में पति, सास व ससुर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पत्नी ने ही इस धोखेबाजी को पकड़ा और शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस को दी शिकायत में 22 वर्षीय कवलजीत कौर ने बताया कि वह अपने भाई व मां के साथ कई सालों से
अमेरिका में रहती है। उसका पिता करनाल में रहते हैं। उसके पिता व अन्य रिश्तेदारों ने उसकी शादी डेरा कोटिया फार्म गांव हाबड़ी निवासी हरवेल सिंह के साथ तय की थी। 30 जनवरी 2017 को उसकी हरवेल सिंह के साथ शादी करवा दी गई। आरोप लगाया कि विवाह से पहले बताया गया कि हरवेल सिंह की जन्मतिथि 19-10-1993 है। उसके पासपोर्ट में भी यही तारीख दर्शाई गई है।
इस तरह पकड़ा
विवाह के बाद उसे जानकारी मिली कि हरवेल सिंह की बहन की जन्मतिथि 21-8-1993 है। ऐसे में दोनों भाई-बहनों की उम्र में मात्र दो माह को अंतर कैसे हो सकता है। जब उसे शक हुआ तो उसके पति का जन्म प्रमाणपत्र की जांच की जो पूरी तरह से झूठा निकला। उसकी असली उम्र 4 जून 1997 है। आरोपितों ने अमेरिका का ग्रीन कार्ड लेने के लिए उसके साथ एक षडय़ंत्र रचते हुए नाबालिग से उसकी शादी करवा दी। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।मामले के जांच अधिकारी एएसआइ शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद गुरबाज सिंह, सर्वजीत कौर व हरवेल सिंह निवासी गांव हाबड़ी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर जांच की जा रही है।