Haryana Panipat Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ दिखाएगा असर, तीन दिन तेज बारिश और ओलावृष्टि के आसार
आने वाले 24 घंटे में बादल छा सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा दिल्ली व एनसीआर में पांच मई तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकती है।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा, दिल्ली व एनसीआर में व्यापक असर दिखा सकता है। तीन से पांच मई तक यह प्रभावी रह सकता है। इन क्षेत्रों में तेज हवा, बरसात के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।
वहीं, राहत की बात यह है कि 90 फीसदी से अधिक किसान फसल काट चुके हैं। 10 प्रतिशत किसान ही बचे हैं, जिनकी फसल बाकी है। क्षेत्र में तूड़ी बनाने का काम जोरों पर चल रहा है।
मौसम विभाग की इस चेतावनी ने किसानों को चिंतित कर दिया है। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान की मानें तो शनिवार से ही बादल छाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। हरियाणा, दिल्ली व एनसीआर रीजन में अच्छी बरसात हो सकती है।
कुछ ऐसा रहा शुक्रवार को तापमान
शुक्रवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा। अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम भी एक सप्ताह से सामान्य से 1.0 से 2.0 डिग्री कम चल रहा है। सुबह के समय नमी की मात्रा 65 फीसद दर्ज की गई जो शाम को घटकर 44 फीसद रह गई। हवा 4.2 किलोमीटर प्रतिघंटा की औसत रफ्तार से चली।
करनाल की मंडी में पहुंचा 49.02 लाख क्विंटल गेहूं
मंडियों में अब तक 25062 किसानों की 49 लाख 2 हजार 258 क्विंटल गेहूं की खरीद विभिन्न परचेज सेंटरों व मंडियों में की गई। खरीदी गई गेंहू का उठान में तुरंत करवाने के आदेश खरीद एजेंसी को दिए गए हैं। डीसी ने बताया कि गेहूं की खरीद का कार्य जिले में 20 अप्रैल से 173 मंडी व परचेज सेंटरों पर शुरू कर दिया गया था। सभी मंडियों व खरीद केंद्रों पर गेहूं खरीद का कार्य सुचारू रूप से जारी है, जिससे सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा गेहूं खरीदा गया। 10 मार्केट कमेटियों के माध्यम से गेहूं की खरीददारी की जा रही है। अगर ऐसे में बारिश होती है तो किसान को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।