सावधान! घर सूना छोड़ना पड़ सकता है भारी, कुरुक्षेत्र में चोरों ने नकदी और जेवरों पर हाथ किया साफ
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में घर में चोरी हो गई। शांति नगर में परिवार दिल्ली एयरपोर्ट गया था। घर पर ताला लटका देख चोरों ने यहां धावा बोल दिया। घर से हजारों की नकदी और जेवर ले गए। परिवार वापस लौटा तो पैरों तले जमीन खिसक गई।
कुरुक्षेत्र, जेएनएन। सावधान... घर सूना छोड़कर जाना आपको भारी पड़ सकता है। कुरुक्षेत्र में केयूके थाना पुलिस के अंतर्गत शांति नगर के एक मकान के ताले तोड़ कर चोरों ने नकदी व जेवर चोरी कर लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।
शांति नगर निवासी अनंत राम शर्मा ने केयूके थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह उसकी पत्नी व बेटे के साथ अपनी बेटी और दामाद को लेने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर गई थी। अगले दिन सुबह साढ़े पांच बजे वे वापस घर आए तो पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था। मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ था। जबकि ड्राइंग रूम का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जा कर देखा तो बेड रूम का दरवाजा खुला था और अलमारी का ताला खुला था। अलमारी में रखा सारा सामान गायब था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।