कुरुक्षेत्र में नाबालिग लड़के की शादी करवाने का मामला, पंडित, वकील और युवती पर दर्ज हुआ केस
कुरुक्षेत्र में युवती की शादी नाबालिग लड़की से करवाने का मामला। पंडित पहले भी नाबालिग की शादी करवाते पकड़ा गया था। तब उसे नोटिस देकर छोड़ दिया गया था। लड़का और लड़की दोनों को सेफ हाउस में रखा गया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में वकील ने पंडित के साथ मिलकर युवती की शादी नाबालिग लड़के से करवा दी। जोड़ा प्रोटेक्शन के लिए अदालत पहुंचा। अदालत ने कागजात देख शादी रद करवा दी थी। इस मामले में थाना कृष्णा गेट पुलिस ने जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी की शिकायत पर बाल एक युवती सहित तीन लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
प्रोटेक्शन आफिसर सविता राणा ने बताया कि वकील अशोक कुमार और पंडित विजय शर्मा ने पिहोवा निवासी एक नाबालिग लड़के और बालिग लड़की की 18 जून को झांसा रोड स्थित महादेव मंदिर में शादी करवा दी थी। इसके बाद प्रेमी जोड़ा प्रोटेक्शन के लिए हाईकोर्ट पहुंचा। लेकिन हाईकोर्ट ने दोनों के कागज देखकर नाबालिग पाए जाने पर उनकी शादी रद कर दी। इसके बाद जोड़ा प्रोटेक्शन के लिए डीएसपी पिहोवा के पास पहुंचे। वहां से वे उनके कार्यालय में पहुंचे। उनके कागजात देखने के बाद लड़के की उम्र 20 साल नौ माह मिली, जो शादी के लिए 21 साल होनी चाहिए। वहीं लड़की की उम्र 21 साल 11 माह मिली।
लड़के और लड़की को सेफ हाउस भेजा
जांच में लड़का नाबालिग मिलने पर लड़की, वकील और पंडित के खिलाफ बाल विवाह अधिनियम 2006 की धारा 9,10 वा 11 के तहत मामला दर्ज करवाया गया है। अभी लड़का और लड़की दोनों को सेफ हाउस में भेज दिया गया है। वहीं आगामी कार्रवाई थाना कृष्णा गेट पुलिस करेगी।
पहले भी नाबालिगों की शादी करवा चुका है पंडित
प्रोटेक्शन आफिसर सविता राणा ने बताया कि टीम ने इससे पहले भी पंडित को एक नाबालिग की शादी करवाने के मामले में पकड़ा था और इसे नोटिस देकर छोड़ दिया था। लेकिन दूसरी बार पंडित नाबालिग की शादी करवाने के मामले में पकड़ा गया है। इसके बाद अबकी बार माफी की बजाय मामला दर्ज करवाया गया है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें