पत्नी की कर दी निर्मम हत्या, खेत में पराली के बीच शव फेंक लगा दी आग, फिर सुनाई ये कहानी
कैथल में अधजली महिला के शव मिलने के मामले का पर्दाफाश हो गया। दोबारा प्रेम विवाह कर सरकार से पांच लाख रुपये लेने का झूठ बोल खेत में लाकर की पत्नी की हत्या कर दी थी। ईंटों से हमला कर हत्या की थी।
कैथल, जागरण संवाददाता। कैथल गांव बरसाना में हाबड़ी रोड़ पर खेत में मिले महिला के अधजले शव मामले में पुलिस ने आरोपित पति सलिंद्र को कुरुक्षेत्र के आकाश नगर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपित ने बताया कि चरित्र पर संदेह के चलते पत्नी की हत्या की है। जब भी वह अपनी पत्नी को किसी काम के लिए कहता तो वह उसकी बातों को अनसुना कर देती। इस कारण दोनों के बीच में विवाद रहता था। आरोपित ने 15 जनवरी को पत्नी की हत्या करने की साजिश रची थी और 19 जनवरी को अंजाम दिया।
पत्नी को खेतों में लेकर आया था आरोपित
पुलिस को आरोपित सलिंद्र ने बताया कि उसकी पत्नी अपने मायका गांव चूहड़माजरा में गई हुई थी। यहां से करनाल के गांव नेवल में ननद के पास चली गई। वह वहां से पत्नी प्रियंका को करनाल में ले आया। जहां रास्ते में उसे विश्वास में लेते हुए कहा कि हम दोबारा से प्रेम विवाह करेंगे। प्रेम विवाह करने पर सरकार की तरफ से पांच लाख रुपये की राशि दी जाती है। यह रकम उसके बैंक खाता में डलवा दूंगा। इस पर पत्नी प्रियंका ने हां भरी तो आरोपित उसे करनाल में कागजात तैयार करवाने की बात कह ले गया, जहां अदालत परिसर का चक्कर कटवाने के बाद गांव बरसाना स्थित खेतों में ले आया। कहा कि आज रात यहीं रूकेंगे। इस दौरान आरोपित शराब की बोतल व खाने का सामान भी साथ लिए हुआ था।
आरोपित ने खेत में बैठकर शराब पी। इस दौरान पत्नी प्रियंका खेतों में टहलती रही। नशा होने पर आरोपित ने पत्नी के हाथ-पांव बांध दिए। इसके बाद आरोपित ने सिर में ईंट मारी और पानी की होद पर भी सिर मारा। अधमरा करने के बाद महिला को पराली के ढेर में डालकर आग लगा दी। हत्या करने के बाद आरोपित दूसरे खेत में बने कोठे में जाकर सो गया।
तीन दिन बाद पत्नी के लापता होने की रपट दर्ज करवाने पहुंचा थाने
19 जनवरी को पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपित पति अपनी ससुराल वालों को ही गुमराह करता रहा कि प्रियंका कहीं गुम हो गई है। ढूंढने में उसकी सहायता करो। 22 जनवरी को वह ढांड पुलिस थाना में लापता पत्नी की रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंचा तो पुलिस को उसकी बातों पर शक हुआ। जब दोनों के मोबाइल की लोकेशन निकाली तो पुलिस को शक की सूई सलिंद्र पर हुई। इसके बाद पुलिस मृतका प्रियंका के आभूषण लेकर गांव चूहड़माजरा में पहुंची, जहां उसकी सहेली प्रियंका ने आभूषणों को पहचान लिया। इस दौरान मृतका के परिवार वालों ने भी पुलिस को बताया कि विवाह के बाद से ही सलिंद्र व प्रियंका में अनबन रहती थी। इसी कारण शादी के बाद ज्यादा समय प्रियंका मायके में रहती थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपित सलिंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपित ने सब स्वीकार कर लिया।
डीएसपी रविंद्र सांगवान ने बताया कि सीआइए वन पुलिस ने इस वारदात को सुलझाने में सफलता हासिल की है। आरोपित सलिंद्र ने ही चरित्र पर संदेह के चलते अपनी पत्नी की हत्या की है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के दौरान प्रयोग किए गए कपड़े, मोटरसाइकिल बरामदगी को लेकर पूछताछ की जा रही है।