अंबाला में मंडल प्रधान सहित तीन पर केस, राजस्व विभाग में तैनात महिला को धमकी देने का लगा आरोप
अंबाला में भाजपा मंडल प्रधान सहित तीन पर केस दर्ज कर लिया गया है। महिला को धमकाने के मामले में केस हुआ है। महिला ने शिकायत में कहा उसे बदनाम करने की साजिश कर रहे और उसे केस वापस लेने के लिए धमका रहे।
अंबाला, जागरण संवाददाता। राजस्व विभाग में तैनात महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने भाजपा ग्रामीण मंडल प्रधान समेत तीन पर केस दर्ज किया है। आरोप है कि महिला को बदनाम करने की साजिश की, जबकि उसे केस वापस लेने के लिए धमकाया जा रहा है। आरोपितों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायत में महिला ने बताया कि उन्होंने एक केस मार्च 2021 में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया था।
इसी केस को वापस लेने के लिए आरोपित नरेंद्र शर्मा, किरणपाल चौहान भाजपा ग्रामीण मंडल प्रधान और राजरानी उसे यह केस वापस लेने के लिए दबाव डाल रहे हैं। आरोपित ने कहा कि उसके पास महिला की रिकार्डिंग है, जबकि यह रिकार्डिंग उसे राजरानी के माध्यम से भिजवाई है। साथ ही कहा कि इस तरह की कई रिकार्डिंग उसके पास हैं, जिसे वह वायरल कर उसे बदनाम कर देगा।आरोपितों में वह महिला भी शामिल है, जिसने नरेंद्र शर्मा पर केस दर्ज कराया था और बाद में वापस भी ले लिया था। शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि वह कार्यालय से काम खत्म कर स्कूटी से वापस अपने घर जा रही थी। कालीपलटन पुल के पास आरोपित नरेंद्र ने अपनी गाड़ी उसके आगे अड़ाकर रोक लिया। आरोपित ने गाड़ी से उतारा और उसे रिवाल्वर दिखाकर केस वापस लेने की धमकी दी। महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
13.83 लाख रुपये न देने पर कांग्रेस भवन को सील करने का नोटिस चस्पाया
नगर निगम ने प्रापर्टी टैक्स जमा न करवाने वालों पर शिकंजा कसने का अभियान चलाया हुआ है। इसी कड़ी में नगर निगम की टीम ने अंबाला शहर कांग्रेस भवन के बाहर टैक्स नहीं भरने पर नोटिस चस्पा कर दिया है। इस नोटिस में साफ किय गया है कि यदि समय पर टैक्स नहीं भरा तो अब कांग्रेस भवन को सील कर दिया जाएगा। यह नोटिस प्रधान कांग्रेस भवन के नाम जारी किया गया है। नोटिस में लिखा गया है कि कांग्रेस भवन पर 13 लाख 83 हजार रुपये का टैक्स बकाया है। कांग्रेस भवन के बाहर नोटिस चस्पाए जाने का मामला बुधवार को दिनभर राजनीतिक गलियारों के साथ आम लागों के बीच भी चर्चा का विषय बना रहा। उधर कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रोहित जैन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वर्ष 2019 से हम लगातार गलत टैक्स को लेकर निगम से पत्राचार कर रहे हैं। वर्ष 2020 में भी टैक्स ब्रांच में लिखित शिकायत देते हुए टैक्स असेसमेंट सही करवाने के लिए लिखा गया था लेकिन अब तक इस पर कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। बल्कि गलत तरीके से नोटिस चस्पा कर दिया गया। रोहित ने बताया कि कांग्रेस भवन का टैक्स कामर्शियल बनाया गया है जबकि कांग्रेस भवन में कुछ भी कामर्शियल नहीं है।