पानीपत के समालखा में व्यापारी की हत्या, लोगों ने लगाया जाम
घर लौटते हुए घी और चीनी के थोक कारोबारी राजकुमार की हत्या कर दी गई थी। नकदी से भरा थैला छीनकर ले गए थे। विरोध में कारोबारी एकजुट होने लगे। बाइक सवारों बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग।
पानीपत, जागरण संवाददाता। पानीपत के समालखा में मंगलवार शाम को घी व्यापारी राजकुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड के विरोध में समालखा के व्यापारी एकजुट हो गए हैं। बस स्टैंड के नजदीक जाम लगा दिया है। लोग इस बात पर अड़ गए हैं कि एसपी शशांक कुमार सावन मौके पर आए। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। सरेआम इस तरह की वारदात से व्यापारी कैसे सुरक्षित रह सकेगा।
हत्याकांड की यह वारदात समालखा के बागवाला मुहल्ला जाने वाली गली में हुआ। इसी गली में घी और चीनी के थोक व्यापारी राजूकुमार उर्फ राजू का घर है। राजू अपने घर जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पर ही उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार दोनों बदमाश उनके हाथ से नकदी से भरा थैला छीनकर भाग गए। बदमाशों को हर रास्ते का पता था। तभी वे गली के आगे से नहीं निकले। क्योंकि गली आगे संकरी थी। बाइक को मोड़कर पीछे से फरार हुए बदमाश।
देखे जा रहे सीसीटीवी फुटेज
वारदात स्थल से लेकर आसपास के सीसीटीवी कैमरा देखे जा रहे हैं। अभी तक यह सामने आया है कि वारदात के पास वाला सीसीटीवी कैमरा खराब था। इस वजह से बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस का दावा है कि आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक राजू का फाइल फोटो।
परिवार में एक बेटा और एक बेटी
मृतक राजकुमार पावटी के रहने वाले थे। समालखा में आकर बस गए थे। उनकी एक बेटी और एक बेटा है। पत्नी और मां बेसुध हैं। स्वजन उन्हें संभाल रहे हैं। उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा कि उनके साथ ऐसा हो जाएगा। रोते हुए कह रही थीं, हमारी किसी से दुश्मनी भी नहीं थी। क्यों बदमाशों ने मार डाला।
समालखा में बढ़ रहीं वारदात
समालखा में वारदात बढ़ रही हैं। चुलकाना में पशुबाड़ी में बैठे राकी की हत्या कर दी गई थी। इसी दिन दो दिन पहले हाईवे पर ही बदमाशों ने कार सवारों से लूटपाट की। जब पुलिस को शिकायत दी तो एसआइ ने ही पीड़ितों के साथ मारपीट कर दी। समालखा पुलिस ने एसआइ सहित चार लोगों पर केस दर्ज किया है।