त्योहारी सीजन से कारोबार में सुधार, धागा मिल अब नहीं होंगी बंद Panipat News
धागा मिल में छाई मंदी के बादल हट चुके हैं। डीलरों व स्टाकिस्टों के पास नया स्टॉक पहुंच चुका है। त्योहार की वजह से कारोबारियों में उत्साह है।
पानीपत, जेएनएन। त्योहारों के कारण बाजार में रौनक लौटने लगी है। कारोबार में सुधार होने लगा है। रिटेल स्तर पर नवरात्र में ग्राहकी निकली है। दशहरा एवं दीपावली के त्योहार एवं वैवाहिक सीजन नजदीक आ चुका है। कारोबारियों का कहना है कि बाजार में मूवमेंट आई है। बाजार अच्छा चलेगा।
डीलरों व स्टाकिस्टों के पास नया स्टॉक आ चुका है। अन्य प्रदेशों के डीलर व स्टॉकिस्ट भी माल मंगवा रहे हैं। अब बाजार में काफी अर्से के बाद मालों की गांठ बंधती दिखने लगी है। अभी तक उधारी में ही माल जा रहा था अब पैसा भी खुलना शुरू हो गया है। हैंडलूम मार्केट में पिछले बिल क्लीयर कर अगला माल कारोबारी ले जाते हैं। वित्त की कमी के कारण तीन-तीन महीने से बढ़कर छह-छह माह में बिल क्लीयर हो रहे थे। बंगाल,बिहार, ओडिशा, असम से पूजा की ग्राहकी भी निकली है।
कंबल की मांग अच्छी चल रही है। कारोबारियों ने बताया कि कॉटन के धागों के भाव पड़े हुए हैं। लेकिन नोन डाइंग के धागों के सभी काउंट में गिरावट बनी हुई है। ट्रांसपोर्टर अनिल सभ्रवाल ने बताया कि बाजार में कुछ दिनों से मूवमेंट शुरू हुआ है। लोडिंग-अनलोडिंग बढ़ी है। व्यापारी अशोक नारंग ने बताया कंबल की बिक्री निकली है। स्टॉक का माल बिकना जरूरी है क्योंकि दशहरा दीपावली नजदीक आ गए हैं। इस बार ज्यादा माल बने नहीं है लेकिन जो बने हैं वे बिकना जरूरी है।
बाजार में त्योहारी सीजन के चलते मंदी से राहत मिली है। धागे मिलें शुक्रवार को बंद नहीं रहेगी। पिछले दो सप्ताह से एक दिन शुक्रवार को मिले बंद रखी जा रही थी। अब यह फैसला वापस ले लिया गया है। रोटर स्पिनर्स मिल एसोसिएशन के चेयरमैन प्रीतम सचदेवा ने बताया कि अब सप्ताह में एक दिन मिलें बंद नहीं रहेगी। पहले से कामकाज में सुधार आया है।