व्यापार में धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार, पांच साल से था फरार
पानीपत अपराध शाखा दो पुलिस ने एक करोड़ 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपित शाहदरा दिल्ली के विपिन को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पांच साल से फरार था। ठिकाना बदलकर चकमा दे रहा था।
जागरण संवाददाता, समालखा : पानीपत अपराध शाखा दो पुलिस ने एक करोड़, 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपित शाहदरा दिल्ली के विपिन को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पांच साल से फरार था। ठिकाना बदलकर चकमा दे रहा था। पुलिस ने जाली सी-फार्म तैयार करने और मामले में संलिप्त लोगों का पता लगाने के लिए आरोपित को अदालत से सात दिन के रिमांड पर लिया है।
इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि एसएसए इंटरनेशनल लिमिटेड (राइस मिल),भोड़वाल माजरी के सहायक प्रबंधक संजीव की शिकायत पर पुलिस ने 2016 में विपिन गोयल के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया था। संजीव ने आरोप लगाया था कि उनकी कंपनी का राधे-कृष्णा ट्रेडर्स के मालिक विपिन गोयल के साथ व्यापारिक कारोबार था। उन्होंने उसे खाद्य तेल बेचा था। बदले में सी-फार्म और बकाया राशि दी थी। सी-फार्म को उन्होंने सेल्स टैक्स विभाग में जमा करवा दिया। जांच में तीनों सी-फार्म जाली पाए गए। उसकी एवज में टैक्स विभाग ने सी-फार्म के करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये उनके रिफंड के पैसों से काट लिए। उसे साजिश के तहत चूना लगाया गया। आरोपित ने पैसे नहीं दिए तो कंपनी को पुलिस में शिकायत करनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार आरोपित विपिन के संभावित ठिकानों पर पुलिस वारदात के बाद से ही दबिश दे रही थी। उसके बार-बार ठिकाना बदलने से वह काबू नहीं आ रहा था। वह मूल रूप से चरखी दादरी में पुरानी अनाज मंडी के पास रहने वाला है।