लापरवाही न करें, कोरोना संक्रमण से यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास के छोटे भाई का निधन
कोरोना संक्रमण से लगातार हो रहीं मौतों ने हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास के भाई राधेश्याम अरोड़ा का निधन हो गया है। मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर में कोरोना से हो रहीं मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। शनिवार तड़के यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा के छोटे भाई राधेश्याम अरोड़ा का निधन हो गया। उन्हें करीब एक माह पूर्व हालत बिगड़ने पर मेदांता में दाखिल कराया गया था। जहां उन्हें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। तब से ही उनका उपचार चल रहा था। उन्हें कोरोना के साथ-साथ कई अन्य बीमारियां भी थी।
अब तक जिले में 118 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। इनमें से अधिकतर मरीज वह हैं, जिन्हें शुगर, उच्च रक्तचाप या कोई अन्य बीमारी थी। सिविल सर्जन डा. विजय दहिया ने बताया कि दूसरी बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बार-बार यही सलाह लोगों की दी जा रही है कि वह घर से बाहर मास्क लगाकर निकले। जिससे वह संक्रमण से बच सके। विशेषकर बुजुर्गों व बीमारियों से ग्रस्त लोगों को ध्यान रखने की जरूरत है।
बढ़ रही रिकवरी दर
अक्टूबर माह से ही जिले में रिकवरी दर बढ़ रही है। अब तक जिले में 4649 मरीज कोरोना के मिले हैं। इनमें से 4283 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। फिलहाल 279 सक्रिय मरीज हैं। इनमें भी 155 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। उन्हें साधारण लक्षण हैं। सितंबर माह में सबसे अधिक कोरोना के केस मिले। मौतें भी सबसे अधिक सितंबर माह में हुई। अब स्थिति काबू आ रही है। रिकवरी दर भी बढ़कर 91 फीसद पर पहुंच चुकी है।
कई पुलिसकर्मी व अधिकारी भी आ चुके चपेट में
कोरोना की चपेट में कई पुलिसकर्मी व अधिकारी भी आ चुके हैं। हालांकि अब वह ठीक होकर काम पर वापस लौट चुके हैं। डीएसपी शमसेर सिंह को कोराना हुआ था। 14 दिन तक होम आइसोलेट रहे। अब ठीक हैं। नायब तहसीलदार ओमप्रकाश को भी कोरोना हुआ था। उन्हें भी होम आइसोलेट किया गया था। इसके अलावा जज नेहा नौरिया को कोरोना हुआ। अब यह सभी ठीक हो चुके हैं।