बहन के संस्कार में पहुंचा भाई, मोबाइल पर मिली Video Clip तो उड़े होश
भाई को बहन की मौत का पता चला तो उसकी ससुराल गया। वहां पता चला कि उसके पति ने अंतिम संस्कार तक कर दिया। एक वीडियो क्लिप से हकीकत सामने आई।
पानीपत, जेएनएन। जलालपुर प्रथम गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति ने परिजनों के साथ मिलकर महिला का दाह संस्कार करा दिया। मृतका के भांजे के फोन पर किसी परिचित ने वीडियो क्लिप भेजी तो मायके पक्ष को हकीकत का पता चला। आरोप है कि महिला की हत्या की गई है। पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों की शिकायत पर मामले की गहनता से जांच की। अब आरोपित पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नफे ङ्क्षसह ने सनौली थाना पुलिस को बताया कि उसने 15 साल पहले बहन बीता की शादी जलालपुर प्रथम के संजय कुमार से की थी। उसका जीजा संजय अक्सर शराब के नशे में बहन बीता से मारपीट करता था। बेटा नहीं होने का ताना देता था। कई बार पंचायत में माफी मांगकर आरोपित उनके साथ समझौता भी कर चुका था। 25 जून को दूसरी बहन की बेटी काजल ने उसे फोन करके बताया कि संजय उसकी मौसी बीता और परिवार की अन्य महिलाओं संग मारपीट कर रहा है।
ससुराल पहुंचा तो पता चला मौत हो चुकी
वह भतीजे संदीप के साथ जलालपुर पहुंचा तो पता चला कि बीता की मौत हो चुकी है। उसके दाह संस्कार की तैयारी चल रही थी। आरोपित संजय ने उन्हें बीता का शव नहीं देखने दिया और अंतिम संस्कार करा दिया। अंतिम संस्कार के बाद परिजन विलाप करते हुए घर लौट गए।
यह था वीडियो
इधर, बहन के अंतिम संस्कार के बाद संजय घर लौटा तो एक परिचित ने उसके भांजे संदीप के फोन पर एक वीडियो क्लिप भेजी। इसमें आरोपित संजय अपनी भाभी करेसनी के साथ मारपीट करता दिख रहा है जबकि बगल में बीता का शव पड़ा हुआ है। थाना प्रभारी सूरजभान ने बताया कि आरोपित पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
एफएसएल टीम ने जुटाए सुबूत
वीडियो क्लिप के आधार पर पुलिस ने एफएसएल टीम को सूचना दी। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई अहम सुराग जुटाए। आशंका है कि वारदात में आरोपित के साथ कोई अन्य भी शामिल हो सकता है।