बंद घर से आ रही थी बदबू, पांच दिन बाद बाहर निकली पति-पत्नी की लाश
सेक्टर 14 के एक घर से बदबू आने की वजह से पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो एक महिला का शव पड़ा था और एक अधेड़ का शव फंदे से लटका था।
पानीपत, जेएनएन। करनाल के सेक्टर 14 पार्ट टू में पत्नी की हत्या कर पति ने फंदा लगाकर जान दे दी। मोहल्ले में बदबू फैलने से वारदात का पर्दाफाश हुआ। पांच दिन से शव घर में सड़ रहे थे। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मकान के अंदर जाकर देखा तो पत्नी का शव कमरे में लहुलुहान हालत में पड़ा था और पति का शव पंखे से लटक रहा था।
शनिवार की दोपहर को सेक्टर 14 पार्ट टू के मकान नंबर 2001 से बदबू आ रही थी। लोगों को अनहोनी होने का शक हुआ। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का ताला तोड़ कर तलाशी ली तो दो लाशें दिखीं। एक लाश मकान मालिक 65 वर्षीय पालेराम भौरिया और दूसरी उसकी पत्नी 55 वर्षीय शिंद्रो उर्फ रुपिंदर कौर की है।
खून से लथपथ था महिला का शव
महिला का शव लहुलूहान हालत में बैड पर था और पति का शव फंखे से लटक रहा था। पास में खून से सना लोहे का हथियार मिला। पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि पाले राम भौरिया ने पहले पत्नी शिंद्रो की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली। वहीं से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। पांच पेज के इस सुसाइड नोट में क्या लिखा है, इसका खुलासा पुलिस नहीं कर रही है।
घर में बाहर से ताला लगा था
पड़ोसियों ने बताया कि इन दोनों पति-पत्नी में किसी न किसी बात पर लड़ाई झगड़ा होता रहता था। जिससे इनके लडऩे की आवाज घर से बाहर तक आती रहती थी। कुछ दिनों से इनके घर से कोई आवाज नहीं आ रही थी और गेट पर ताला भी लगा था। शनिवार को इलाके में बदबू फैलने लगी तो पड़ोसियों को शक हुआ।
2010 में हुआ था पाले राम और शिंद्रो का शादी
मृतक पालेराम के दामाद इसम सिंह ने बताया कि 2009 में उसकी सास की मौत हो गई थी। सास की मौत के बाद पाले राम विधवा शिंद्रो के संपर्क में आया था। वर्ष 2010 में दोनों ने शादी कर ली थी। शादी के बाद से ही दोनों में अनबन शुरू हो गई थी। कुछ समय पहले से दोनों के बीच में विवाद ज्यादा बढऩे लगा था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप