भाजपा के प्रशिक्षण प्रभारी पार्टी से छह साल के लिए निलंबित, जिलाध्यक्ष का ही फूंक दिया था पुतला
पानीपत भाजपा के जिला प्रभारी जवाहर सैनी ने की कार्रवाई। राजेश झट्टीपुर ने इसे अन्याय बताया। जागरण संवाददाता से बातचीत में कहा जरूरत पड़ी तो चुनाव भी लड़ूंगा। कार्यकर्ताओं के मन की आवाज कार्यक्रम करने पर निलंबित हुए।
पानीपत, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी में प्रशिक्षण विभाग के जिला प्रभारी राजेश झट्टीपुर को पार्टी से छह वर्ष के लिए निलंबित कर दिया गया है। जिला प्रभारी जवाहर सैनी ने यह आदेश जारी किए हैं। राजेश झट्टीपुर ने भाजपा की जिला अध्यक्ष डा.अर्चना गुप्ता का ही पुतला फूंक दिया था। इतना ही नहीं, पार्टी के समानांतर एक बैठक की। इसके लिए कोई अनुमति नहीं ली गई। संगठन के खिलाफ सार्वजनिक मंच पर बोला। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए कड़ी कार्रवाई की है। इससे पहले राजेश झट्टीपुर किसान मोर्चा के जिला प्रभारी रह चुके हैं।
पढ़िए, राजेश झट्टीपुर ने क्या कहा, अब क्या करेंगे
जागरण संवाददाता : आपको निलंबित कर दिया गया है, आप इसे क्या कहेंगे
जवाब : यह तो मेरे साथ अन्याय हुआ है। कार्यकर्ताओं की आवाज उठाना गलत है, तो यह गलती मैं बार-बार करूंगा।
जागरण संवाददाता : आपने ऐसा क्या किया था, जिससे संगठन नाराज हुआ
जवाब : कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही थी। सभी कार्यकर्ताओं ने तय किया कि कार्यकर्ता अपने मन की बात रखेंगे। अपना कार्यक्रम रखेंगे। हमने साईं गार्डन में कार्यक्रम रखा। संगठन के अधिकारियों ने साईं गार्डन वाले से कहकर हमारा कार्यक्रम रद करा दिया। कार्यकर्ता गार्डन के बाहर आ चुके थे। जब हम सड़क पर ही आ गए तो जुलूस निकालते हुए पुल के नीचे पहुंचे। अर्चना गुप्ता की वजह से सड़क पर आए, इसलिए अर्चना गुप्ता का पुतला फूंक दिया।
जागरण संवाददाता : आप कितने वर्ष से भाजपा में थे
जवाब : मैं 27 वर्ष से भाजपा में था। सियासी बंजर जमीन को सींचा है। आज हमें ही बाहर निकाल दिया गया।
जागरण संवाददाता : आखिर आपकी ऐसी क्या मांग थी, जो पूरी नहीं हो रही
जवाब : मेरी कोई निजी मांग नहीं थी। हमारी सरकार को साढ़े सात साल हो गए हैं। हमारा ही कोई काम नहीं होता। पेंशन बनवाने जाओ तो हमें धक्के मिलते हैं। सरकारी नौकरी नहीं मिल सकती तो कम से कम डीसी रेट पर ही कार्यकर्ताओं को एडजस्ट करो। दूसरे जिलों से ठेकेदार आकर काम ले जाते हैं। हमारे जिले के ही कार्यकर्ताओं को छोटे-छोटे ठेके दिए जाने चाहिए। उनके परिवार चलते हैं। राजनीति में सम्मान और काम के लिए आते हैं। यहां न सम्मान और न ही काम।
जागरण संवाददाता : आपके पास क्या जिम्मेदारी थी
जवाब : मैं पहले किसान मोर्चा का जिला अध्यक्ष था। उस पद से हटाकर प्रशिक्षण शिविर का प्रभारी बनाया गया। अब वो पद भी छीन लिया गया। पार्टी से निकाल दिया गया है।
जागरण संवाददाता : आपने अपनी बात संगठन में क्यों नहीं रखी
जवाब : मैंने सभी बड़े नेताओं से बात की। सांसद संजय भाटिया, संगठन प्रभारी रवीन्द्र राजू को अवगत कराया। पर हर बार अनदेखी ही होती रही।
जागरण संवाददाता : अब आगे क्या करेंगे, क्या चुनाव लड़ेंगे
जवाब : अभी कोई पार्टी नहीं ज्वाइन करेंगे। लोग जैसा कहेंगे, वैसा करेंगे। चुनाव लड़ने को भी तैयार हूं।
संक्षिप्त परिचय
झट्टीपुर गांव में रहते हैं राजेश रूहल। नाम के साथ गांव भी जोड़ते हैं। सड़क निर्माण का कांट्रेक्ट लेते हैं। पत्नी अनीता गृहिणी हैं। बेटी खुशबू पंचकूला से एमबीबीएस कर रही है तो बेटा शिवम दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ रहा हे।
निलंबन पत्र में ये लिखा
भाजपा के जिला प्रभारी जवाहर सैनी ने निलंबन के आदेश दिए हैं। पत्र में लिखा है, 19 दिसंबर, 2021 को भारतीय जनता पार्टी हरियाणा द्वारा सभी 308 मंडलों में मंडल कार्यकारिणी की बैठक सुनिश्चित की गई थी। आपने उसी समय पर समानांतर कार्यक्रम रखा, जिसकी प्रदेश संगठन द्वारा कोई रचना नहीं की गई थी। आपने मंडल कार्यकारिणी बैठक में व्यवधान डाला और माननीय जिला अध्यक्ष भाजपा, पानीपत का पुतला जलाकर अनुशासन भंग किया है। इसलिए पार्टी ने यह निर्णय लिया है कि आपको छह वर्षों के लिए पार्टी से निलंबित किया जाए। अत: आपको छह वर्षों के लिए भाजपा से निलंबित किया जाता है।