भाजपा सांसद सैनी बोले, 2019 में देंगे नया विकल्प
जींद : लोकतंत्र सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भाजपा सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि वर्ष 2019 में वे राज्य को नया विकल्प देंगे।
जागरण संवाददाता, जींद : लोकतंत्र सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भाजपा सांसद राजकुमार सैनी ने अपनी ही सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि किसानों की फसलों के बढ़े दामों पर भाजपा झूठी वाहवाही लूट रही है। किसान अब भी परेशान और हताश है। किसानों को फसलों का जो भाव मिलना चाहिए था, वह नहीं मिल पाया है। मंगलवार यहां लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत में सांसद सैनी ने कहा कि इसी जुलाई या अगस्त में उनकी पार्टी का रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। इसके बाद वह पूरी रणनीति के साथ जनता के बीच जाएंगे। उनका लक्ष्य 2019 में होने वाले चुनाव में जनता को विकल्प देना है।
सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार उनकी कोई बात नहीं सुन रही है। वह जिस भी मुद्दे को उठाते हैं, सरकार उसके उल्टा बोलती है। सैनी ने कहा कि पार्टी के रजिस्ट्रेशन के बावजूद वह लोकसभा से इस्तीफा नहीं देंगे। जनता ने उन्हें सांसद चुना है, इसलिए वह कार्यकाल पूरा करेंगे और जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे। सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने क्रीमीलेयर की सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख कर दी है, जबकि प्रदेश सरकार ने इसे 3 और 6 लाख की श्रेणियों में बांट दिया है। यह एक तरह से जनता को बांटकर अपना हित साधने की कोशिश है।
सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि सरकारी नौकरियों में प्रदेश के पांच मुख्यमंत्रियों ने जो भेदभाव बरता है, उसकी सजा कुछ लोग तिहाड़ जेल में भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों से उनकी जाति पूछी थी, जिनमें से 69 हजार लोगों ने अपनी जाति ही नहीं बताई है। वह अगले चुनाव में नौकरियों में 100 फीसद जातिगत आरक्षण सुनिश्चित करेंगे। इस मौके पर सूर्यप्रकाश, जिला पार्षद विनोद सैनी, सैनी धर्मशाला के पूर्व प्रधान दिनेश सैनी, रामराजी शर्मा आदि मौजूद थे।