शहनवाज हुसैन ने कही बड़ी बात, लोकसभा चुनाव में मोदी की आंधी नहीं सुनामी आएगी
भाजपा ने बिहार और लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। बिहार में जदयू, लोजपा के साथ मिलकर भाजपा चुनाव लड़ेगी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने इस बात की पुष्टि की।
पानीपत, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने कहा कि भाजपा जदयू से लोजपा मिलकर बिहार में चुनाव लड़ेंगे। तीनों दलों का समझौता हो चुका है। तीन दल मिलकर बिहार का चुनाव जीत लेंगे। हरियाणा में पांचों नगर निगम के मेयर भाजपा के बने हैं।
हरियाणा में निगमों की जीत ने देश को एक बड़ा संदेश दिया है। इससे पहले असम में लोकल बॉडी चुनाव में हम सफल रहे। राजस्थान, छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेश के चुनाव में हार के संदर्भ में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में हम बहुत कम अंतर से हारे है। 15 साल शासन रहा। हमने कड़ा संघर्ष किया है। राजस्थान में भी सम्मानजनक हार हुई है।
निजी कार्यक्रम में आए थे शहनवाज
शहनवाज हुसैन एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पानीपत आए थे। मॉडल टाउन में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद विज के कार्यालय में शनिवार को पत्रकार वार्ता की। उनके साथ पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा और जिला महासचिव देवेंद्र दत्ता भी मौजूद रहे।
भारत में सबसे सुरक्षित हैं मुस्लिम
नसीरुद्दीन शाह के हालिया बयान पर शहनवाज हुसैन ने कहा कि मुस्लिम पूरे विश्व में सबसे सुरक्षित भारत में है। उनको कितना मान सम्मान भारत के लोगों ने दिया है। जो लोग भारत में अपने आपको असुरक्षित कहते हैं उन्हें सीरिया, इराक, इरान का दौरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2019 में लोकसभा मिशन में हम जुट गए हैं। पिछले चुनाव में मोदी की आंधी थी 2019 में सुनामी आएगी जिसमें सभी विपक्षी दल बह जाएंगे।
विदेशों में मिल रहा सम्मान
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने राहुल गांधी हो या अन्य क्षेत्रीय दल का नेता कोई नहीं टिक पाएगा। बिहार में हारने के बाद विपक्षी कहते थे भाजपा को खत्म कर दिया। दिल्ली में जीत पर जश्न मनाते थे हमने उसके बाद में भी अन्य प्रदेशों के चुनाव जीते हैं। देश विकास पथ पर बढ़ रहा है। विपक्षी सांप्रदायिकता के आधार पर देश को बांटना चाहते हैं। हम सबका साथ सबका विकास पर चल रहे हैं। 2020 तक देश को विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा करने का लक्ष्य है। आज हमें विदेशों में सम्मान मिल रहा है।